छात्राओं को करियर गाइडेंस के साथ साइबर सुरक्षा के टिप्स:कैसरबाग में कार्यक्रम, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग की जानकारी दी

Oct 15, 2026 - 22:29
0
छात्राओं को करियर गाइडेंस के साथ साइबर सुरक्षा के टिप्स:कैसरबाग में कार्यक्रम, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग की जानकारी दी
लखनऊ में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत गुरुवार को कैसरबाग स्थित आईएएस दृष्टि कोचिंग सेंटर में छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैसरबाग पुलिस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्कंद पब्लिक स्कूल, अमीनाबाद और अमीरुद्दौला इस्लामिया डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से यूपीएससी, यूपीपीसीएस, एसएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध और पुलिस की हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचने के तरीके बताए कार्यक्रम में यूपी पुलिस साइबर क्राइम मुख्यालय के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में बताया। उन्होंने डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपाय साझा किए। इस दौरान साइबर सुरक्षा से संबंधित वीडियो भी दिखाए गए। साइबर टीम ने छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, निजी जानकारी और ओटीपी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सतर्कता से इस्तेमाल करने की सलाह दी। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने के लिए भी जागरूक किया गया। छेड़छाड़ या उत्पीड़न होने पर हेल्पलाइन पर करें शिकायत महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि छेड़छाड़, पीछा करने, उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में चुप रहने के बजाय पुलिस से मदद लें। छात्राओं को आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया गया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि किसी भी विषम परिस्थिति में घबराने के बजाय आत्मविश्वास और सूझबूझ से काम लें। आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को करियर के अवसरों की जानकारी देने के साथ महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। यह कार्यक्रम डीसीपी पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव के निर्देशन एसीपी कैसरबाग अभिषेक पांडेय, थाना प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग अंजनी मिश्रा तथा मिशन शक्ति, साइबर और एंटी रोमियो टीम की ओर से आयोजित किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User