छत पर खेल रहे बच्चे की हाईटेंशन करंट से मौत:एक हफ्ते पहले ननिहाल आया था, मकान से एक फीट ऊपर से गुजर रही लाइन

Oct 13, 2026 - 15:45
0
छत पर खेल रहे बच्चे की हाईटेंशन करंट से मौत:एक हफ्ते पहले ननिहाल आया था, मकान से एक फीट ऊपर से गुजर रही लाइन
संभल में गुन्नौर तहसील के मीरमपुर गांव में मंगलवार सुबह 10:30 बजे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। दिव्यांश अपनी ननिहाल में रहने आया था। वह छत पर खेलते समय पड़ोस के मकान पर चढ़ गया, तभी 11 हजार वोल्ट की लाइन के करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक सप्ताह पहले मां और भाई-बहन के साथ आया था दिव्यांश पुत्र कोमल कुमार अपनी मां सुमन, भाई धीरज और बहन प्रिया के साथ करीब एक सप्ताह पहले ननिहाल आया था। मीरमपुर गांव निवासी ओमकार जाटव की बेटी सुमन की शादी दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी कमल से हुई थी। दिव्यांश पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसके पिता कबाड़ बीनने का काम करते हैं। छत से गुजर रही थी हाईटेंशन लाइन ननिहाल में कच्चा मकान बना हुआ है। मंगलवार सुबह दिव्यांश छत पर खेल रहा था। इसी दौरान वह पड़ोस के मकान पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वे उसे तुरंत बबराला कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर बिजलीघर से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। आबादी के बीच से गुजर रही लाइन पर पहले भी हुआ विरोध ग्रामीणों के मुताबिक, गांव की आबादी के बीच मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर पहले भी विरोध हो चुका है। इस लाइन से जुड़े हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग ने अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया है। शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई: थाना प्रभारी थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि परिजनों की ओर से घटना की सूचना नहीं दी गई है। मामला संज्ञान में आया है। शिकायत मिलने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User