चीनी की किल्लत से पेठा उद्योग की मिठास फीकी:मिलों से नहीं मिल रही सप्लाई, आगरा में कारोबार 50% तक प्रभावित
चीनी की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में कमी ने आगरा के प्रसिद्ध पेठा उद्योग की मिठास फीकी कर दी है। मिलों से व्यापारियों को पर्याप्त चीनी नहीं मिल रही है। इससे पेठा बनाने का काम प्रभावित हो रहा है और कारोबारियों का स्टॉक भी खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है। व्यापारियों का कहना है कि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो त्योहारों के सीजन में मिठाई का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। चीनी महंगी होने से 50% कारोबार प्रभावित पेठा कारोबारियों के मुताबिक, चीनी की कीमतें बढ़ने और उपलब्धता कम होने से आगरा में पेठा व्यापार करीब 50 प्रतिशत तक प्रभावित हो चुका है। शहर के कई छोटे व्यापारियों ने काम बंद कर दिया है। उनका कहना है कि चीनी के बिना पेठा बनाना संभव नहीं है। ऐसे में कच्चा माल नहीं मिलने से उत्पादन ठप होने की स्थिति बन रही है। व्यापारियों का आरोप है कि निजी चीनी मिलों की मनमानी और चीनी एजेंटों की जमाखोरी के कारण बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो गई है। पिछले सात दिन से बेलनगंज के चीनी कारोबारी भी परेशान हैं। पेठा व्यापारियों को जरूरत के मुताबिक चीनी नहीं मिल रही है। जो चीनी उपलब्ध हो रही है, वह महंगे दामों पर मिल रही है। कारोबारियों के मुताबिक, बढ़ी लागत के कारण पेठा बनाना घाटे का सौदा साबित हो रहा है। इसका असर उत्पादन और मिठाई की गुणवत्ता पर भी पड़ रहा है। सस्ती चीनी से स्वाद बिगड़ने की चिंता व्यापारियों का कहना है कि महंगी चीनी के कारण कुछ कारोबारियों को सस्ती और कम गुणवत्ता वाली चीनी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इससे पेठे के स्वाद और गुणवत्ता पर असर पड़ने की आशंका है। कारोबारियों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने पर चीनी की कमी और गंभीर हो सकती है। डीएम से मिलकर सौंपेंगे ज्ञापन पेठा व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि चीनी की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्याएं बताएंगे और ज्ञापन सौंपेंगे। व्यापारियों ने सरकार से चीनी मिलों पर दबाव बनाकर बाजार में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि पेठा उद्योग और मिठाई कारोबार को राहत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)