चंचल की मां बोलीं-मुझे कमल की लाश देखनी है:झांसी में दादी ने कहा-वो दीवार फांदकर आया और मेरी बच्ची को गोली मार दी

Oct 09, 2026 - 07:12
0
चंचल की मां बोलीं-मुझे कमल की लाश देखनी है:झांसी में दादी ने कहा-वो दीवार फांदकर आया और मेरी बच्ची को गोली मार दी
जैसे उसने मेरी बेटी की लाश हमें दिखाई, वैसे ही हम भी उसकी लाश देखना चाहते हैं। पुलिस की कार्रवाई से हमें इंसाफ नहीं मिला है। यह कहना है चंचल की मां सपना का। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आईटीआई इलाके में चंचल की हत्या के बाद परिवार सदमे में है। सपना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। परिवार इसे इंसाफ नहीं मान रहा है। परिवार का आरोप है कि चंचल का पीछा करने वाला कमल रायकवार बुधवार को घर में घुसा और उसके सिर में गोली मार दी। घटना के करीब छह घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को झांसी एम्पायर के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पहले 2 तस्वीर देखिए… दादी ने दरवाजा खोला तो आंगन में खून से लथपथ थी चंचल चंचल की दादी शीला रायकवार के घर में ही उसकी हत्या हुई। शीला ने बताया कि बुधवार सुबह उन्होंने चंचल के लिए खाना बनाया और इसके बाद मिशन कंपाउंड में चौका-बर्तन करने चली गईं। चंचल घर में अकेली थी, इसलिए वह बाहर से दरवाजे पर ताला लगाकर गई थीं। दोपहर करीब 3:30 बजे लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने चंचल को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान पड़ोसी ने बताया कि कमल घर आया था और उसने चंचल को गोली मार दी है। चंचल के चाचा मोनू मौके पर पहुंचे। दरवाजा नहीं खुला तो वह दीवार फांदकर अंदर गए। आंगन में चंचल खून से लथपथ पड़ी थी। दादी का दावा- दो बार चली गोली शीला रायकवार के मुताबिक, घर से पुलिस को दूसरा खोखा भी मिला है। इसी आधार पर उन्होंने आशंका जताई कि चंचल पर दो बार गोली चलाई गई। उनका कहना है कि पहली गोली से बचने के बाद दूसरी गोली सिर में मारी गई। दादी ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब आरोपी ने उनकी नातिन की जान ले ली तो पुलिस ने उसे पैर में ही गोली क्यों मारी। परिवार आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहा है। 12 दिसंबर को होनी थी शादी, घर में खड़ी है नई बाइक चंचल की शादी 12 दिसंबर को होनी थी। पिता सोनू रायकवार अपनी इकलौती बेटी की शादी धूमधाम से करना चाहते थे। उन्होंने दहेज में देने के लिए नई बाइक खरीदी थी। अब वही बाइक घर में खड़ी है और शादी का सामान भी रखा हुआ है। परिवार के मुताबिक, जिन चीजों को देखकर कुछ दिन पहले तक घर में खुशी थी, अब वही सामान बेटी की याद दिला रहा है। स्कूल बदला, फिर भी पीछा करने का आरोप चंचल के परिवार का आरोप है कि कमल करीब चार साल से उसके संपर्क में था और उसका पीछा करता था। करीब दो साल पहले परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने चंचल का स्कूल तक बदल दिया। उसे सीपरी बाजार के आर्यकन्या इंटर कॉलेज में दाखिला दिलाया गया। मां सपना सीपरी बाजार में घरेलू काम करती थीं, इसलिए बेटी को अपने साथ लेकर आती-जाती थीं। परिवार को उम्मीद थी कि स्कूल बदलने और निगरानी रखने से परेशानी खत्म हो जाएगी, लेकिन उनके मुताबिक कमल ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। 12 साल के भाई ने कहा- गिफ्ट देने के लिए डराता था चंचल के 12 साल के भाई शिवा रायकवार ने बताया कि कमल कई बार उसे घर के बाहर रोकता था। उसके मुताबिक, कमल उससे कहता था कि वह अपनी दीदी को गिफ्ट दे दे। कभी वह चिप्स तो कभी चॉकलेट देता था। शिवा का आरोप है कि गिफ्ट लेने या पहुंचाने से मना करने पर कमल उसे जान से मारने की धमकी देता था। डर के कारण वह गिफ्ट चंचल तक पहुंचा देता था। पुलिस पूछताछ में बोला- तुझे किसी और का नहीं होने दूंगा पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कमल ने बताया कि वह चंचल को दूसरी जगह शादी के लिए राजी होने से रोकना चाहता था। वारदात से दो दिन पहले सोमवार को वह चंचल से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय परिवार के लोग बाहर थे। पुलिस के अनुसार, कमल ने चंचल से अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। चंचल ने कहा कि उसके भागने से पिता यह सदमा नहीं सह पाएंगे और वह पिता की तय की गई शादी ही करेगी। पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। कमल घर लौट गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पूरी रात सो नहीं सका। इसके बाद उसने चंचल को दोबारा मनाने की ठानी, लेकिन बाद में उसकी हत्या करने का फैसला कर लिया। मंगलवार को घर की रेकी का पुलिस का दावा पुलिस के मुताबिक, वारदात से एक दिन पहले मंगलवार को कमल चंचल के घर के आसपास घूमकर रेकी कर चुका था। उसे पता था कि दोपहर के समय चंचल घर में अकेली रहती है। बुधवार सुबह भी उसने खोड़न में पड़ोसियों से चंचल के बारे में जानकारी ली। इसके बाद दोपहर में तमंचा लेकर पैदल उसके घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, उसने आखिरी बार चंचल को समझाने की कोशिश की। उसके इनकार करने पर तमंचा कनपटी से सटाकर गोली चला दी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कमल ने खुद की जान लेने के बारे में सोचने की बात भी कही, लेकिन ऐसा करने की हिम्मत नहीं हुई। पोस्टमार्टम में कनपटी से आर-पार हुई गोली चंचल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक, रिपोर्ट में तमंचे से गोली लगने की पुष्टि हुई है। गोली कनपटी से होते हुए दूसरी ओर निकल गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी कमल रायकवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कई महीने से था तमंचा, कुछ दिन पहले खरीदे कारतूस पुलिस ने कमल के पास से वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में उसने बताया कि तमंचा उसके पास कई महीने से था, जबकि कारतूस उसने कुछ दिन पहले खरीदे थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि तमंचा उसे कहां से मिला था। कारतूस खरीदने और वारदात की तैयारी को लेकर भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User