चंदौली जिला अस्पताल में NHM संविदा कर्मचारियों का धरना:10 लाख की कैशलेस चिकित्सा सुविधा समेत कई मांगें, काम बंद करने की चेतावनी
चंदौली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार से नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाएं देने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से संविदा पर काम करने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कर्मचारियों ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का काम किया। टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और टीबी उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी संविदाकर्मियों की अहम भूमिका रही है। इसके बावजूद वे सरकारी नीतियों की उपेक्षा का शिकार हैं। संविदा कर्मचारियों ने मांग की कि NHM में 18 साल से अधिक समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को नियमित किया जाए। इसके साथ ही तत्काल वेतन बढ़ाकर उन्हें सम्मानजनक भुगतान दिया जाए। कर्मचारियों ने NHM में खाली पड़े पदों को भी जल्द भरने की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से संविदा पर काम करने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमितीकरण के साथ वेतन में बढ़ोतरी को उनकी प्रमुख मांगों में शामिल किया गया है। 10 लाख की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मांगी कर्मचारियों ने अपने और अपने परिवार के लिए 10 लाख रुपए की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की मांग की। इसके अलावा महंगाई भत्ता, EPF, HRA, सरकारी आवास और ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की मांग रखी। कर्मचारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और अभियानों में लगातार सेवाएं देने के बावजूद उन्हें इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। मांगें पूरी नहीं हुईं तो काम बंद करने की चेतावनी धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे काम बंद कर विरोध दर्ज कराएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को सरकार और विभाग के सामने रखते आ रहे हैं, लेकिन अब मांगों के समाधान के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष राज कुंवर सिंह और महामंत्री प्रवीण कुमार सिंह समेत अन्य संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)