चोरी की बाइक काटकर नेपाल में बेचते थे पार्ट्स:बस्ती में 3 गिरफ्तार, 4 बाइक और 10 इंजन के पुर्जे बरामद
शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें ग्राइंडर मशीन से काटकर अलग-अलग पार्ट्स में बेचने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर चार मोटरसाइकिल, एक पिकअप और 10 मोटरसाइकिल के इंजन नंबर प्लेट समेत अन्य पुर्जे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के पार्ट्स को कबाड़ के कारोबार की आड़ में बेचते थे और बड़ी मात्रा में सामान नेपाल ले जाकर बेचते थे। कोतवाली पुलिस के अनुसार 6/7 अक्टूबर 2026 की रात गश्त के दौरान दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों और एक पिकअप को रोककर जांच की गई। पूछताछ और वाहनों की जांच में दोनों मोटरसाइकिल और पिकअप पर लदी दो अन्य मोटरसाइकिल चोरी की मिलीं। पिकअप की बॉडी से 10 मोटरसाइकिलों के इंजन नंबर प्लेट और अन्य पुर्जे भी बरामद हुए। सीओ कुलदीप यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान राजू गुप्ता (40) निवासी मुबारकपुर, थाना टांडा, अंबेडकरनगर, राजेश कुमार (28) निवासी नगर बाजार और रंगीलाल गुप्ता (47) निवासी एकसड़ा, थाना नगर, बस्ती के रूप में की। तीनों को 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 5.10 बजे मूड़घाट पंचायत भवन के पास गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शहर और आसपास से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद ग्राइंडर मशीन से वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स अलग कर देते थे और उन्हें बेचते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की योजना बरामद मोटरसाइकिलों और पार्ट्स को पिकअप में लादकर नेपाल ले जाने की थी। पुलिस अब जिले की कबाड़ की दुकानों की भी जांच कर रही है। आपत्तिजनक सामान मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानंद सिंह समेत पुलिस टीम शामिल रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)