CM योगी की जनसभा का स्थल 36 घंटे पहले बदला:चंदईपुर में काम रुका, विंध्याचल में समतलीकरण शुरू; 5 हजार कुर्सियां लगेंगी

Oct 14, 2026 - 08:15
0
CM योगी की जनसभा का स्थल 36 घंटे पहले बदला:चंदईपुर में काम रुका, विंध्याचल में समतलीकरण शुरू; 5 हजार कुर्सियां लगेंगी
मिर्जापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 15 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरे से करीब 36 घंटे पहले जनसभा स्थल बदल दिया गया। मझवां विधानसभा क्षेत्र के चंदईपुर में प्रस्तावित जनसभा अब वहां नहीं होगी। मुख्यमंत्री विंध्याचल में प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर नगर विधानसभा क्षेत्र के कालीखोह मोड़ के पास स्थित मैदान में जनसभा करेंगे। स्थल बदलने के बाद चंदईपुर में चल रहा तैयारियों का काम रोक दिया गया है, जबकि नए स्थल पर मंगलवार रात करीब 9 बजे से जमीन समतल करने का काम शुरू कराया गया। चंदईपुर में मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर तैयारियां चल रही थीं। मैदान में टेंट लगाकर करीब पांच हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। सभा स्थल पर अन्य जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे थे। लेकिन कार्यक्रम से करीब 36 घंटे पहले स्थल बदलने के फैसले के बाद वहां चल रहा काम बंद कर दिया गया। स्थान परिवर्तन की जानकारी जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने दी। रात में शुरू हुआ नए स्थल पर काम नए स्थल के चयन के बाद तैयारियों में तेजी लाई गई है। कालीखोह मार्ग स्थित मैदान में मंगलवार रात करीब 9 बजे से जमीन समतल करने का काम शुरू हुआ। कम समय में जनसभा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करना संबंधित टीमों के लिए चुनौती होगी। मैदान को सभा के अनुकूल बनाने के साथ अन्य इंतजाम भी किए जाने हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह 15 अक्टूबर को मिर्जापुर पहुंचकर मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद कालीखोह मार्ग स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान भैंसा गोदाम मार्ग पर नवनिर्मित सेतु का लोकार्पण और जिले को विकास परियोजनाओं की सौगात देने का भी प्रस्ताव है। इसके बाद प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User