CMO ऑफिस में संविदा एएनएम का प्रदर्शन:नियमितीकरण और समान वेतन की मांग, सीएमओ से मुलाकात भी बेनतीजा रही
कन्नौज में मांगे न माने जाने से नाराज संविदा एएनएम ने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सीएमओ आफिस के बाहर धरना प्रदर्शन किया। यहां करीब 3 घण्टे तक धरने पर बैठीं एएनएम ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी एएनएम ने सीएमओ से भी मुलाकात की और अपनी बात रखी। संविदा एएनएम पिंकी देवी, शालिनी वर्मा, अर्चना कनौजिया, सरिता शर्मा, कल्पना देवी, रेखा कटियार, रानी देवी, निर्मला देवी, मनीषा पाल समेत कई लोग एकत्रित होकर शुक्रवार दोपहर बिनोद दीक्षित अस्पताल स्थित सीएमओ ऑफिस पहुंची। यहां ऑफिस गेट पर ही संविदा एएनएम धरने पर बैठ गईं और नारेबाजी करने लगीं। आंदोलन कर रहीं संविदा एएनएम ने ऑफिस में सीएमओ डॉ. विकास चन्द्रा से मुलाकात की और अपनी बात रखी। हालांकि सीएमओ ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग आंदोलन समाप्त करने को राजी नहीं हुईं। संविदा एएनएम ने कई बार आंदोलन किया यहां एएनएम प्रियंका यादव ने बताया कि वह लोग स्वास्थ्य विभाग में समय से ड्यूटी करतीं और विभाग का पूरा काम जिम्मेदारी से करतीं आ रहीं हैं। इसके बावजूद हम लोगों को न तो अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तरह नियमित किया जा रहा और न ही उनके समान वेतन मिल रहा। प्रियंका ने बताया कि इस समस्याओं को लेकर संविदा एएनएम ने कई बार आंदोलन किया और सरकार के सामने अपनी मांगों को रखा, लेकिन शासन-प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। अपनी इन्हीं मांगों को लेकर हम लोग पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। जिसके तहत शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया। जब तक समान कार्य का समान वेतन नहीं मिलेगा, तब तक वह लोग काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)