दाऊजी मेले में आधी रात बेकाबू हुई भीड़:सुमित गोस्वामी और आशु ट्विंकल के गानों पर आधी रात तक झूमे युवा
हाथरस के श्री दाऊजी महाराज मेले में मंगलवार रात संगीत सम्मेलन के दौरान भारी भीड़ बेकाबू हो गई। सुमित गोस्वामी, आशु ट्विंकल और किन्नू गड़रिया समेत हरियाणवी व क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों पर युवा जमकर झूमे। भीड़ बढ़ने पर पुलिस को कई बार लाठियां फटकारकर स्थिति संभालनी पड़ी। कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए एएसपी रामानंद कुशवाह समेत कई पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। देर रात प्रशासन ने कार्यक्रम बंद करा दिया। वहीं हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी का 6 अक्टूबर का कार्यक्रम पहले ही रद्द किए जाने से दर्शकों में मायूसी भी दिखाई दी। संगीत शुरू होते ही युवाओं ने मचाई धूम संगीत सम्मेलन का शुभारंभ भाजपा के ब्रज क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी और राष्ट्रीय धर्म संघ के संस्थापक दिव्य कृष्णा गुरुजी ने किया। अतिथियों के स्वागत के बाद मंच पर संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। संयोजक जय शर्मा, सह संयोजक राहुल धनगर और कार्यक्रम अध्यक्ष मुनेश पाल रहे। सुमित और आशु के गानों पर जमकर झूमे सुमित गोस्वामी ने ‘फीलिंग्स’, ‘भोलेनाथ’ और ‘यार पुराने’ जैसे गाने पेश किए। आशु ट्विंकल के ‘बुलेट पे गेड़ियां’, ‘वकालत’ और ‘बन्नो नाचेगी आज’ जैसे गीतों पर युवा जमकर झूमे। किन्नू गड़रिया के ‘गड़रिया तूफान’, ‘गड़रिया ड्रिल’ और ‘गड़रिया फाड़ देंगे’ जैसे गीतों पर भी दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। अन्य कलाकारों ने भी बांधा समां प्रिन्सी, अर्जुन पांडेय, जीतू राघव और अंकित पाबला समेत अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। जीतू राघव और अंकित पाबला के ‘ठाकुर का राज’ गीत को भी दर्शकों ने पसंद किया। कार्यक्रम का संचालन एंकर अनन्या सिंघानिया ने किया। भीड़ बढ़ी तो पुलिस ने संभाला मोर्चा मध्य रात्रि में कार्यक्रम स्थल पर भीड़ काफी बढ़ गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर पुलिस ने मोर्चा संभाला और कई बार लाठियां फटकारकर भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद प्रशासन ने कार्यक्रम बंद करा दिया। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)