डबल पासपोर्ट बनवाने के मामले में दर्ज हुआ मुकदमा:आजमगढ़ में अलग-अलग जन्मतिथि दर्ज कराकर दो पासपोर्ट बनवाने का आरोप, लखनऊ ऑफिस ने कराई जांच
आजमगढ़ जिले में अलग-अलग नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि दर्ज कर दो पासपोर्ट बनवाने के आरोप में आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ से मिले पत्र के आधार पर मामले की जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और पासपोर्ट अधिनियम के तहत अपराध किए जाने की बात सामने आई है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने 12 अगस्त 2026 को जारी पत्र के माध्यम से सादिक खान पुत्र नैयेर आजम खान, निवासी मोहल्ला शनिचर बाजार, पोस्ट फूलपुर, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। आरोप था कि संबंधित व्यक्ति ने अपने व्यक्तिगत विवरण में बदलाव कर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाए हैं। दो अलग-अलग नाम और जन्मतिथि पर बनवाए पासपोर्ट
जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2005 में पासपोर्ट बनवाते समय व्यक्ति का नाम मोहम्मद सादिक खान पुत्र नाय्यार आलम खान दर्ज था। उस समय उसका पता मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित मिल्लत नगर का दर्ज किया गया था। इस पासपोर्ट में जन्मतिथि 18 सितंबर 1983 अंकित थी और पासपोर्ट संख्या F5233380 जारी की गई थी।
वहीं, वर्ष 2015 में बनवाए गए दूसरे पासपोर्ट में नाम सादिक खान पुत्र नैयेर आजम खान, पता मोहल्ला शनिचर बाजार, फूलपुर, आजमगढ़ तथा जन्मतिथि 18 सितंबर 1985 दर्ज मिली। इस पासपोर्ट की संख्या N5349245 बताई गई है। सीओ फूलपुर की जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई
मामले की जांच क्षेत्राधिकारी फूलपुर द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्रवाई किए जाने को विधिसम्मत बताया गया। पुलिस को उपलब्ध कराए गए प्रार्थना पत्र में सादिक खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(बी) के तहत अभियोग पंजीकृत करने का अनुरोध किया गया है। मामले में जांच रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिले में डबल पासपोर्ट बनवाए जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें मुकदमा दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)