DDU में 'इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल' की स्थापना:स्टूडेंट्स के इनोवेटिव आइडिया को मिलेगा बढ़ावा, नए विचारों पर काम होगा
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन में गुरुवार को 'इनोवेशन डे' के मौके पर इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC) का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही छात्रों के लिए एक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में नवाचार, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना विकसित करने के साथ उनके नए विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह मौजूद रहें। साथ ही मुख्य अतिथि के तौर पर गैलेंट ग्रुप के सी.पी. अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि अमित भटवाल भी शामिल हुए। आईआईसी की अध्यक्ष प्रो. अलका सिंह के नेतृत्व में टीम और विद्यार्थियों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता की। नए विचारों से ही निकलेगा समस्याओं का हल- कुलपति
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने नवाचार को सामाजिक समस्याओं के समाधान, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा, “नवाचार केवल नए विचारों की कल्पना नहीं, बल्कि उन विचारों को समाज की समस्याओं का समाधान बनाकर आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रचनात्मक क्षमता को पहचानने, नए प्रयोग करने और अपने विचारों को व्यावहारिक उपयोगिता से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने नवाचार की संस्कृति विकसित करने और विद्यार्थियों को नए अवसरों की पहचान के लिए प्रेरित करने में ऐसे आयोजनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उद्यमिता युवाओं को बनाएगी रोजगार सृजक
मुख्य अतिथि सी.पी. अग्रवाल ने नवाचार और उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “नवाचार और उद्यमिता युवाओं को नौकरी तलाशने वाले से नौकरी देने वाला बनाने की क्षमता रखते हैं। विद्यार्थियों को अपने विचारों पर विश्वास रखते हुए उन्हें व्यावहारिक रूप देने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।” विशिष्ट अतिथि अमित भटवाल ने विद्यार्थियों को नए विचारों के साथ प्रयोग करने और उन्हें समाजोपयोगी समाधान में बदलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “हर बड़ा स्टार्टअप एक छोटे से विचार से शुरू होता है; जरूरत है उस विचार को पहचानने, प्रयोग करने और उसे समाज के लिए उपयोगी समाधान में बदलने की।” पोस्टर प्रतियोगिता में इशिता सिंह प्रथम
इनोवेशन डे के अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नवाचार और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बी.कॉम. (बैंकिंग एंड इंश्योरेंस) प्रथम सेमेस्टर की इशिता सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एम.ए. भूगोल प्रथम सेमेस्टर की रंगोली आर्य द्वितीय और बी.कॉम. तीसरे वर्ष के कार्तिकेय राय तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने तथा नवाचार के प्रति अपनी समझ और दृष्टिकोण प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप की संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता भी रेखांकित हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)