हाइवे पर कहीं 80 तो कहीं 30km की स्पीड लिमिट:कानपुर में व्यापारी ने सवाल उठाए, बोले-गलत व्यवस्था से चालान कट रहे
कानपुर-सागर हाईवे पर सड़क की बदहाली और गति सीमा के अलग-अलग बोर्ड वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। कहीं 80 तो कहीं 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के बोर्ड लगे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा की गाड़ी का 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने पर ओवरस्पीडिंग का चालान कट गया। महेश वर्मा के मुताबिक, वह अपनी गाड़ी से कानपुर से घाटमपुर जा रहे थे। इस दौरान 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने पर उनकी गाड़ी का ओवरस्पीडिंग में चालान कट गया। उन्होंने कहा कि मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं। उनके अनुसार, कानपुर से घाटमपुर के बीच करीब 700 गड्ढे हैं। सड़क की खराब स्थिति के बीच गति सीमा को लेकर भी स्पष्टता नहीं है। कहीं 80 तो कहीं 30 की गति सीमा महेश वर्मा का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से मार्ग पर कहीं 80 तो कहीं 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के बोर्ड लगाए गए हैं। अलग-अलग गति सीमा होने से वाहन चालकों को यह समझने में परेशानी होती है कि किस हिस्से में कितनी रफ्तार से चलना है। उन्होंने गति सीमा के संकेतकों की समीक्षा कर उन्हें स्पष्ट रूप से लगाने की मांग की है। डीसीपी ट्रैफिक ने इंजीनियरिंग विभाग की जिम्मेदारी बताई महेश वर्मा के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में डीसीपी ट्रैफिक से बातचीत की। डीसीपी ने गति सीमा निर्धारित करने की जिम्मेदारी इंजीनियरिंग विभाग की बताई। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष ने संबंधित विभागों से समन्वय कर मार्ग पर गति सीमा के बोर्डों की स्थिति स्पष्ट करने और सड़क के गड्ढे भरवाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी और आवागमन सुरक्षित हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)