देवरिया के स्कूल में मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती:महापुरूषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी

Oct 02, 2026 - 18:19
0
देवरिया के स्कूल में मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती:महापुरूषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
देवरिया के प्रतिष्ठित जीएम एकेडमी में शुक्रवारको राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन द्विवेदी ने ध्वजारोहण कर किया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विद्यालय के ऑडिटोरियम में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों महापुरुषों के जीवन, उनके विचारों और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा हुई। इस संगोष्ठी का कुशल संचालन वरिष्ठ अध्यापक सुनील कुमार गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रा प्रतिष्ठा पांडेय सहित शिक्षक प्रमोद कुशवाहा, पी. गोस्वामी, धर्मेंद्र मिश्रा, बृजेन्द्र तिवारी, साक्षी उपाध्याय, प्रवीण चतुर्वेदी, मुन्ना चौहान और आशुतोष तिवारी ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य मोहन द्विवेदी ने कहा कि गांधी जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक युग थे और सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मसंयम व आपसी सम्मान का उनका संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि तकनीकी और सोशल मीडिया के इस दौर में सत्य की पहचान, जिम्मेदार व्यवहार और सकारात्मक संवाद बेहद जरूरी है। इसके साथ ही, उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को युवाओं के लिए बड़ा प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और विद्यालय परिसर व कक्षाओं में स्वच्छता अभियान चलाया गया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों व शिक्षकों को मिठाई खिलाकर अपनी शुभकामनाएं दीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User