देवरिया में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने घाटों का निरीक्षण किया, भटनी-भाटपाररानी में ड्रोन से निगरानी

Oct 10, 2026 - 18:09
0
देवरिया में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने घाटों का निरीक्षण किया, भटनी-भाटपाररानी में ड्रोन से निगरानी
दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को दिन में तीन से पांच बजे तक डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजीत आर. शंकर ने सलेमपुर तहसील के नदावर घाट समेत विभिन्न विसर्जन घाटों और मार्गों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि विसर्जन मार्गों पर किसी तरह का अवरोध नहीं होना चाहिए। घाटों पर बैरिकेडिंग, बिजली, प्रकाश और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी से निपटने के लिए जेसीबी, क्रेन, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को जरूरत के अनुसार एंबुलेंस और अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। डीजे की आवाज मानक के अनुसार रहेगी डीएम ने दुर्गा पंडाल आयोजकों से निर्धारित प्रारूप में समय से अनुमति लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनुमति के लिए अंतिम समय तक इंतजार न करें, ताकि प्रशासन कार्यक्रमों और विसर्जन के समय के अनुसार व्यवस्थाएं कर सके। डीजे की ऊंचाई और ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा कार्यक्रमों में धार्मिक भजन और पारंपरिक गीत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बिजली संबंधी कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन करने और सभी पंडालों व विसर्जन स्थलों पर सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया। भटनी और भाटपाररानी में ड्रोन से निगरानी उधर, आगामी त्योहारों के मद्देनजर देवरिया पुलिस ने शनिवार को भटनी कस्बे और रेलवे स्टेशन परिसर के साथ भाटपाररानी कस्बे तथा रानी का पोखरा के आसपास ड्रोन कैमरे से निगरानी की। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने विसर्जन घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर, नगर निकाय अध्यक्ष और पुलिस-राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User