धान बेचने जा रहे युवक को कंटेनर ने मारी टक्कर:इटावा में मौत, भतीजा बाल-बाल बचा; वाहन जब्त कर जांच शुरू
इटावा के वैदपुरा थाना क्षेत्र में कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत हो गई। शनिवार सुबह धान बेचने नवीन मंडी जा रहा था। युवक का ट्रैक्टर रास्ते में डीजल खत्म होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार युवक का भतीजा भी सड़क पर गिर गया, हालांकि उसे मामूली चोटें आईं। नगला गड़रिया निवासी अभिषेक शनिवार सुबह करीब सात बजे ट्रैक्टर पर धान लादकर नवीन मंडी जा रहा था। उसके साथ ट्रैक्टर पर भतीजा आयुष भी बैठा था। दोनों बिचपुरी खेड़ा के पास पहुंचे, तभी ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो गया। इसके बाद अभिषेक ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और फोन से संपर्क करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए कंटेनर ने अभिषेक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर ट्रैक्टर से भी जा भिड़ा। हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आयुष झटका लगने से सड़क पर गिर पड़ा। उसे मामूली चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अभिषेक को जिला अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल कंटेनर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)