हरदोई में कैंसर पीड़ित दंपत्ति से 7.10 लाख की ठगी:2020 में बेची जमीन का दो बार बैनामा कर फंसाया, 4 साल बाद 3 पर केस दर्ज

Oct 17, 2026 - 11:16
0
हरदोई में कैंसर पीड़ित दंपत्ति से 7.10 लाख की ठगी:2020 में बेची जमीन का दो बार बैनामा कर फंसाया, 4 साल बाद 3 पर केस दर्ज
हरदोई के कछौना कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम पतसेनी में 2020 में बेची जा चुकी ज़मीन का 2 बार और बैनामा कर कैंसर पीड़ित दंपत्ति से 7.10 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। घटना के 4 साल बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में शनिवार की शाम 5:07 पर मामला दर्ज किया है। आरोपी पंकज, कमलकांत और राजेंद्र कुमार पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम-पतसेनी निवासी पीड़िता ज्योति गुप्ता के अनुसार, उनके पति गंभीर कैंसर रोग से पीड़ित हैं। दावा है आरोपी पंकज कुमार ने विपक्षी कमलकांत और राजेंद्र कुमार के साथ मिलकर साजिश रची। पंकज ने ग्राम कलौली स्थित अपनी गाटा संख्या 22 की जमीन को 16 जून 2020 को ही सियाराम नामक व्यक्ति के नाम बेच दिया था और उसका दाखिला-खारिज (म्यूटेशन) भी हो चुका था। इसके बावजूद, आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए उसी जमीन का पहला बैनामा 17 अगस्त 2021 को 2,90,000 रुपये और दूसरा बैनामा 21 मई 2022 को 4,20,000 रुपये लेकर पीड़िता के पति के नाम रजिस्ट्री कर दिया। कुल मिलाकर 7,10,000 रुपये की यह ठगी की गई। जब पीड़िता के पति तहसील संडीला दाखिला-खारिज कराने पहुंचे, तब उन्हें इस जालसाजी का पता चला। दावा है 16 जून को जब दंपत्ति शिकायत लेकर आरोपी पंकज के घर पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद तीनों आरोपियों ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं। आरोपियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि न तो वे पैसे वापस करेंगे और न ही बैनामा निरस्त कराएंगे, तथा दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने कोतवाली समेत उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।फिर पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार शाम आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User