धान से धनीपुर मंडी फुल, कल नहीं आएगा नया माल:अलीगढ़ की मंडी में दो लाख से ज्यादा बोरियां धान होने का अनुमान, बारिश से रुकी तुलाई और बिक्री
धान की बंपर आवक से धनीपुर मंडी एक बार फिर फुल हो गई है। मंडी के अंदर जगह नहीं बची और बाहर ट्रकों की लंबी कतार लग गई। गुरुवार दोपहर बारिश होने से तुलाई और बिक्री का काम भी प्रभावित हुआ। मंडी के अंदर दो लाख से अधिक बोरियां धान होने का अनुमान है। माल की निकासी नहीं हो पाने और बाहर वाहनों की लंबी कतार को देखते हुए मंडी समिति ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को नया माल लेने पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। हालांकि, मंडी के अंदर पहले से मौजूद धान की तुलाई और बिक्री का काम होगा। 17 अक्टूबर से मंडी में सामान्य रूप से कामकाज शुरू हो जाएगा।
कृषि उत्पादन मंडी समिति, धनीपुर के सचिव मुकेश त्रिपाठी ने गुरुवार को इस संबंध में जिला सूचना अधिकारी को पत्र जारी किया। इसमें बताया कि 14 अक्टूबर की रात धान की अधिक आवक के कारण मंडी पूरी तरह भर गई। ट्रकों की लोडिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में 16 अक्टूबर को नई आवक बंद रखना जरूरी है, ताकि मंडी में पहले से मौजूद माल की तुलाई और बिक्री कराकर निकासी की जा सके।
बारिश से भी प्रभावित हुआ काम
गुरुवार सुबह से ही मंडी के बाहर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। अंदर भी धान की बोरियों से जगह भरी हुई थी। इसी बीच दोपहर में बारिश होने से तुलाई और बिक्री का काम प्रभावित हो गया। इससे मंडी में पहले से मौजूद धान की निकासी नहीं हो सकी। बाहर खड़े वाहनों में भी धान लदा होने से दबाव और बढ़ गया। जगह की कमी और ट्रकों की लोडिंग बाधित होने के चलते समिति को एक दिन नई आवक रोकने का फैसला लेना पड़ा।
17 अक्टूबर से फिर आएगा नया माल
मंडी समिति की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, शुक्रवार को नया धान नहीं लिया जाएगा। इस दौरान मंडी में पहले से मौजूद धान की तुलाई और बिक्री की जाएगी। 17 अक्टूबर से मंडी में नई आवक समेत कामकाज सामान्य रूप से शुरू होगा। समिति ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था को ध्यान में रखकर ही अपनी उपज मंडी लेकर आएं, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)