दहेज में बुलेट न मिलने पर विवाहिता की हत्या:फंदे पर मिला शव, पिता ने ससुरालियों पर लगाया आरोप; 5 महीने पहले हुई थी शादी
फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र में बुधवार रात विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मैनपुरी के करहल निवासी पिता महेंद्र सिंह ने बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। वहीं, गांव में विवाहिता के आत्महत्या करने की चर्चा है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। 8 मई को हुई थी ज्योति की शादी महेंद्र सिंह के मुताबिक, उनकी बेटी ज्योति की शादी 8 मई 2026 को नारखी थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में हुई थी। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मृतका के पिता का कहना है कि बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी विवाद को लेकर उन्होंने ससुराल पक्ष पर ज्योति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव बुधवार रात ज्योति का शव फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों के बीच उसके आत्महत्या करने की चर्चा रही। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई।सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)