धमकियों से डरा परिवार, घर के बाहर लिखा मकान बिकाऊ:महोबा में लगाया गया पोस्टर, बेटी को उठाने की धमकी का आरोप
महोबा के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के बमरारा गांव में एक दलित परिवार दबंग की कथित धमकियों से परेशान होकर पलायन करने को मजबूर है। पीड़ित रामकिशन अनुरागी का आरोप है कि उधार चुकाने के बावजूद गांव का एक युवक उनसे 2 लाख रुपए की मांग कर रहा है। रुपए देने से इनकार करने पर जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने और बेटी को उठा ले जाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस से न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए परिवार ने अपने घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। पीड़ित रामकिशन अनुरागी के मुताबिक, उन्होंने पिछले साल गांव के ही एक युवक से 65 हजार रुपए उधार लिए थे। उनका दावा है कि वह ब्याज और मूलधन मिलाकर अब तक 3 लाख पांच हजार रुपए चुका चुके हैं। इसके बावजूद युवक उनसे 2 लाख रुपए और मांग रहा है। रामकिशन का आरोप है कि रुपए देने से इनकार करने पर युवक ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनकी बेटी के साथ अनहोनी करने की बात कही। पीड़ित का कहना है कि उनके पास इन धमकियों की कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। पीड़ित ने न्याय की आस में चरखारी थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस की सुस्त कार्यशैली के कारण युवक अब भी बेखौफ घूम रहा है और लगातार धमकियां दे रहा है। रामकिशन ने सीओ से भी न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस की कथित बेरुखी और बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित परिवार ने अब गांव छोड़ने का फैसला किया है। परिवार ने घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए हैं। इस मामले में चरखारी कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा ने सोमवार को सुबह करीब 9 बजे बताया कि मामला संज्ञान में ले लिया गया है और इसकी जांच कराई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)