नाथ नगरी हुई शक्तिमय, नवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब:ललिता देवी, 84 घंटा मंदिर समेत शक्तिपीठों पर लगीं लंबी कतारें, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Oct 19, 2026 - 11:14
0
नाथ नगरी हुई शक्तिमय, नवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब:ललिता देवी, 84 घंटा मंदिर समेत शक्तिपीठों पर लगीं लंबी कतारें, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर आज नाथ नगरी पूरी तरह शक्तिमय नजर आ रही है। भोर की पहली किरण के साथ ही देवी मंदिरों में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा शहर 'जय माता दी' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। एक ओर जहां घर-घर विधि-विधान से कन्या पूजन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रसिद्ध शक्तिपीठों और माता के मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। प्रमुख देवी मंदिरों में दर्शन को उमड़े श्रद्धालु महानवमी के पावन अवसर पर शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नेकपुर स्थित प्राचीन ललिता देवी मंदिर, बदायूं रोड स्थित ऐतिहासिक चौरासी घंटा मंदिर और साहूकारा स्थित नवदुर्गा मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं। इसके साथ ही कालीबाड़ी स्थित मां काली देवी मंदिर, सुरेश शर्मा नगर के मनोकामना देवी मंदिर और धोपेश्वरनाथ परिसर में स्थित वैष्णो देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। जयकारों से गूंजे दरबार, बाहर सजे मेले मंदिरों के गर्भ गृह से लेकर प्रांगण तक श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी और फूल-मालाएं लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कतारबद्ध भक्त लगातार मां के जयकारे लगा रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। मंदिरों के बाहर उत्सव जैसा माहौल है। जगह-जगह मेले लगे हुए हैं और प्रसाद, नारियल, चुनरी, खिलौनों व सिंदूर की दुकानें सजी हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालु मेलों में खरीदारी का भी आनंद ले रहे हैं। मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिस मुस्तैद, चप्पे-चप्पे पर नजर भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। मिशन शक्ति अभियान के तहत सभी प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों पर भारी संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा मंदिरों के अंदर, मुख्य प्रवेश द्वारों और दुर्गा पंडालों पर तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User