डीएलएड बैक पेपर परीक्षा 103 केंद्रों पर हुई:प्रथम पाली में 83.58 प्रतिशत और दूसरी पाली में 81.50 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल
डीएलएड (बीटीसी) चतुर्थ सेमेस्टर की बैक पेपर परीक्षा गुरुवार को प्रदेश भर में कराई गई। परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) प्रयागराज की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 103 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 24,506 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से प्रथम पाली में 83.58 प्रतिशत और द्वितीय पाली में 81.50 प्रतिशत परीक्षार्थी शामिल हुए। पीएनपी के सचिव राजेंद्र प्रताप ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में सख्त निगरानी के बीच कराई गई। प्रथम पाली में सुबह 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक अनिवार्य विषय 'आरम्भिक स्तर पर भाषा एवं गणित के पठन-लेखन क्षमता का विकास' की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 83.58% परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
द्वितीय पाली में अपराह्न 01:30 से 03:30 बजे तक 'शैक्षिक प्रबन्धन एवं प्रशासन' विषय का पेपर कराया गया। इसमें उपस्थिति का आंकड़ा 81.50% दर्ज किया गया। द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान केंद्रों की व्यवस्था और पारदर्शिता परखने के लिए परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव राजेन्द्र प्रताप एवं उप कुलसचिव डॉ. हिमांशु सिंह ने प्रयागराज शहर के प्रमुख केंद्रों पीएमश्री राजकीय इण्टर कालेज तथा कुलभास्कर आश्रम कृषि इण्टर कालेज का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, सिटिंग प्लान और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों पर परीक्षा पूर्णतः अनुशासित और सुचारू रूप से संचालित पाई गई। सचिव राजेन्द्र प्रताप ने बताया कि प्रदेश के समस्त 103 परीक्षा केंद्रों से प्राप्त आख्या के अनुसार डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर बैक पेपर की परीक्षा पूरी तरह सकुशल, शांतिपूर्ण और विवादरहित ढंग से करा ली गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)