डीएलएड के 24,506 प्रशिक्षणार्थियों की बैक पेपर परीक्षा हुई:शुक्रवार को प्रदेश के 103 केंद्रों पर आयोजित
डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर के 24,506 प्रशिक्षणार्थी की कई विषयों में बैक लगी है। अब इन अभ्यर्थियों की बैक पेपर की परीक्षा शुक्रवार को प्रदेश के सभी जनपदों में 103 केंद्रों पर कराई गई। परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज की ओर से आयोजित परीक्षा तीन पालियों में कराई गई। इसमें विज्ञान, गणित और सामाजिक अध्ययन विषयों की परीक्षा में उपस्थिति का प्रतिशत अलग-अलग रहा। गणित में सबसे अधिक 88.91 प्रतिशत और सामाजिक अध्ययन में सबसे कम 81.10 प्रतिशत प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव राजेंद्र प्रताप ने बताया कि पहली पाली में सुबह 10 से 11 बजे तक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इसमें लगभग 86.26 प्रतिशत प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। दूसरी पाली में सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक गणित की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 88.91 प्रतिशत उपस्थिति रही। तीसरी पाली में दोपहर दो से शाम चार बजे तक सामाजिक अध्ययन की परीक्षा कराई गई। इसमें लगभग 81.10 प्रतिशत प्रशिक्षणार्थियों ने परीक्षा दी।
विषयवार उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार, गणित की परीक्षा में विज्ञान के मुकाबले 2.65 प्रतिशत अंक अधिक उपस्थिति रही। वहीं, सामाजिक अध्ययन की उपस्थिति विज्ञान से 5.16 प्रतिशत अंक और गणित से 7.81 प्रतिशत अंक कम रही। इससे स्पष्ट है कि तीनों विषयों में गणित की परीक्षा में प्रशिक्षणार्थियों की भागीदारी सर्वाधिक रही। परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव राजेंद्र प्रताप ने बताया कि परीक्षा सकुशल कराई गई। शनिवार को इस परीक्षा का समापन होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)