दीनदयाल अस्पताल में अब एच1एन1 की मुफ्त जांच:स्वाइन फ्लू पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अलीगढ़ में अब तक 73 संक्रमित मिले
जिले में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाएं और मजबूत कर दी हैं। अब गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए दीनदयाल अस्पताल में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 की जांच निशुल्क शुरू कर दी गई है। कोविड काल में इस्तेमाल हुई आरटी-पीसीआर मशीन को दुरुस्त कर उसमें एच1एन1 वायरस की जांच शुरू कराई गई है।
23 सितंबर तक जिले में 289 लोगों की जांच हो चुकी है और इनमें 73 मरीज एच1एन1 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 60 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 7 मरीजों का घर पर उपचार चल रहा है। राहत की बात यह है कि संक्रमण से अब तक किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। बचाव के लिए 103 लोगों का टीकाकरण भी कराया जा चुका है।
सीएमओ डॉ. आरएन सिंह ने दीनदयाल अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और खुद जांच कराकर मशीन की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने डॉक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों की जांच और इलाज निशुल्क कराया जाएगा। साथ ही 24 घंटे डॉक्टरों की मौजूदगी रहेगी।
सीएमओ ने बताया कि सर्दी, खांसी और जुकाम के हर मरीज की एच1एन1 जांच जरूरी नहीं है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार मरीजों की स्थिति के आधार पर ग्रेड ए, बी और सी में वर्गीकरण किया जाता है। ग्रेड सी के मरीजों की एच1एन1 समेत जरूरी जांच कराकर पूरा इलाज मुफ्त कराया जाएगा।
एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में पहले से जांच की सुविधा है, लेकिन गरीब मरीजों को सरकारी स्तर पर आसानी से जांच उपलब्ध कराने के लिए दीनदयाल अस्पताल में भी यह सुविधा शुरू की गई है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की निगरानी के साथ संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार पर भी नजर रख रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)