दशहरा मेले में रामलीला:रामजन्म से लेकर रावण वध और राजतिलक का मंचन किया; हैंडमेड प्रोडक्ट के स्टॉल सजाए

Oct 17, 2026 - 18:01
0
दशहरा मेले में रामलीला:रामजन्म से लेकर रावण वध और राजतिलक का मंचन किया; हैंडमेड प्रोडक्ट के स्टॉल सजाए
लखनऊ में क्राफ्टिजन फाउंडेशन एवं चेतना संस्थान, सेक्टर-सी, अलीगंज के संयुक्त तत्वावधान में क्रेता-विक्रेता मिलन एवं दशहरा मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विशेष बच्चों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा व आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना था। मेले में चेतना संस्थान के बच्चों ने राम जन्म से लेकर रावण वध और भगवान राम के राजतिलक तक की रामलीला का मंचन किया। इसके बाद बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। विशिष्ट अतिथि प्रज्ञा त्रिपाठी की तीन वर्षीय पुत्री प्रिया ने हनुमान अंश के गीत ‘जब जिद पर आ गई पार्वती…’ की प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। चेतना संस्थान की प्रियंका तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संजय कुमार सिंह, उप निदेशक (प्रशासन), युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल तथा विशिष्ट अतिथि प्रज्ञा त्रिपाठी, जिला रोजगार अधिकारी, लखनऊ और रूप कुमार शर्मा, अध्यक्ष, मानवाधिकार जनसेवा परिषद, लखनऊ उपस्थित रहे। विशेष बच्चों के उत्पादों के लगे स्टॉल मेले में रेनबो सोसाइटी, पायसम (PYSSUM), आशा ज्योति, सीमा सेवा संस्थान और चेतना संस्थान ने स्टॉल लगाए। इनमें बच्चों द्वारा बनाई गई दीपावली की मोमबत्तियां, साबुन, गृह सज्जा की वस्तुएं और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद बिक्री के लिए प्रदर्शित किए गए। मुख्य अतिथि संजय कुमार सिंह ने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यहां बच्चों की प्रतिभा को निखारने का कार्य किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि भविष्य में विशेष बच्चों के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, ताकि उन्हें रोजगार के समान अवसर मिल सकें और समाज में उन्हें समान दृष्टि से देखा जाए। रूप कुमार शर्मा ने बच्चों के उत्पादों की सराहना करते हुए लोगों से इन्हें खरीदने की अपील की। यह आयोजन क्राफ्टिज़न फाउंडेशन एवं जैन लेडीज क्लब (JLC) के सहयोग से संपन्न हुआ। इसमें चेतना संस्थान के सचिव दिनेश प्रताप सिंह, वोकेशनल इंचार्ज निरुपमा सिंह, सहयोगी प्रियंका तिवारी तथा क्राफ्टिज़न फाउंडेशन के हरिमोहन, जोनल मैनेजर नीरज सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User