दतिया में विधायक के सामने कीचड़ को लेकर विरोध:मेघश्याम सिंह के काफिले के सामने जताया गुस्सा, 3 करोड़ के काम का ऐलान

Oct 06, 2026 - 16:01
0
दतिया में विधायक के सामने कीचड़ को लेकर विरोध:मेघश्याम सिंह के काफिले के सामने जताया गुस्सा, 3 करोड़ के काम का ऐलान
मथुरा की सदर तहसील और गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के गांव दतिया में बदहाल सड़क, जलभराव और कीचड़ की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। मंगलवार को भाजपा विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ब्लॉक, तहसील , पीडब्ल्यूडी और एमवीडीए के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों का जायजा लेने गांव पहुंचे। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव की सड़क की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के बाद रास्ते पर जलभराव और कीचड़ जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। विधायक का काफिला गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर अपना आक्रोश जताया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कीचड़ के बीच उतरकर विरोध करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी की स्थिति भी बनती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। हालांकि, विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ने ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि किसी ग्रामीण ने उनके प्रति कोई आक्रोश नही जताया है । ग्राम प्रधान और उनके दूसरे गुट का आपस का मामला था। विधायक के अनुसार वह अधिकारियों के साथ गांव में विकास कार्य शुरू कराने के उद्देश्य से पहुंचे थे। विधायक ने बताया कि दतिया गांव की सड़क और नाली की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। इसके समाधान के लिए सड़क निर्माण और नाली निर्माण समेत करीब तीन करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि जल्द विकास कार्य शुरू कराकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User