अयोध्या में एसडीएम ने विसर्जन स्थलों का जायजा लिया:कमियां दूर करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए, 263 जगह स्थापित होंगी मूर्तियां
अयोध्या में दुर्गा पूजा के बाद होने वाले मूर्ति विसर्जन को लेकर अयोध्या जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। रुदौली तहसील में विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाओं को परखने के लिए मंगलवार 6 अक्टूबर को उप जिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी अरविंद सोनकर ने राम सनेही घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर पहुंचकर साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने घाट की गहराई, पानी के बहाव और उतरने-चढ़ने वाले रास्तों को भी देखा। मौके पर मौजूद नगर पंचायत कर्मियों और पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। घाट पर पर्याप्त रोशनी, एंबुलेंस, गोताखोर और नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष पूरे जिले में कुल 263 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। रुदौली क्षेत्र में सबसे अधिक भीड़ राम सनेही घाट पर उमड़ती है, इसलिए यहां विशेष तैयारी की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों को लगातार निगरानी और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रखने को कहा। वहीं क्षेत्राधिकारी अरविंद सोनकर ने पुलिस बल को सतर्क रहने और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि विसर्जन के दौरान नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)