दुर्गापुरी में दो पक्षों में पथराव, युवती घायल:अलीगढ़ में जुए के विवाद के बाद दूध लेकर जा रहे व्यक्ति पर छींटाकशी से भड़का झगड़ा; 25-30 मिनट तक चले ईंट-पत्थर, तीन हिरासत में
सासनी गेट थाना क्षेत्र के दुर्गापुरी मोहल्ले में शनिवार रात दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। करीब 25 से 30 मिनट तक हुई पत्थरबाजी के दौरान वहां से गुजर रही एक युवती के सिर में कई ईंटें लग गईं। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सोमवार दोपहर पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत जुआ खेलने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों के बीच हुई तनातनी से जुड़ी बताई जा रही है। शनिवार रात माहौर समाज के किशन और अनमोल के पिता भोजराज दूध लेकर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में वाल्मीकि समाज के लकी पक्ष के कुछ युवक शराब के नशे में छींटाकशी कर रहे थे। भोजराज ने इसका विरोध किया तो कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे।
इसी दौरान वहां से गुजर रही वाल्मीकि समाज की एक युवती ने झगड़ा देखकर शोर मचाने का प्रयास किया। तभी उसके सिर में कई ईंटें लग गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पर सासनी गेट पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लकी, भोजराज और किशन को हिरासत में लिया है।
पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं दोनों पक्ष
दुर्गापुरी पुराने शहर की घनी आबादी वाला इलाका है। स्थानीय स्तर पर वाल्मीकि और माहौर समाज के लोगों के बीच पहले भी विवाद होने की बात सामने आती रही है। शराब के नशे और जुआ खेलने को लेकर तनातनी ऐसे झगड़ों की वजह बताई जाती रही है। ताजा घटना में भी शुरुआती विवाद के बाद रात में पथराव हुआ, जबकि इसका वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सार्वजनिक चर्चा में आया।
तहरीर नहीं मिली, पुलिस अपने स्तर से करेगी कार्रवाई
सीओ प्रथम कमलेश कुमार ने बताया कि रास्ते से निकलने के दौरान भोजराज से छींटाकशी को लेकर विवाद हुआ था। इसी के बाद दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चले। मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। घायल युवती का इलाज कराया जा रहा है और फिलहाल स्थिति सामान्य है। सीओ के मुताबिक, अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर नहीं मिलने पर पुलिस अपने स्तर से दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)