ई-कचरे से 100% तांबा और 92% सोना निकालने की तकनीक:रूस में IIT-BHU के प्रोफेसर ने पेश किया शोध
इलेक्ट्रॉनिक सामानों से निकलने वाला ई-कचरा अब पर्यावरण के लिए खतरा ही नहीं, बल्कि कीमती धातुओं का बड़ा स्रोत भी बन सकता है। IIT BHU के धातुकर्म इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर कमलेश कुमार सिंह ने रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ई-कचरे से कीमती धातुओं की रिकवरी से जुड़ा अपना शोध प्रस्तुत किया। शोध में डेलमिनेटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) से 100 प्रतिशत तांबा और 92 प्रतिशत सोना निकालने की क्षमता दिखाई गई है। प्रोफेसर सिंह ने 23 से 25 सितंबर तक रूस के नालचिक में आयोजित GEO-SUSTAINABILITY BRICS 2026 सम्मेलन में यह शोध प्रस्तुत किया। सम्मेलन का विषय भू-भौतिकीय प्रक्रियाओं, पर्यावरणीय स्थिरता और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से जुड़ा था। इसमें रूस, भारत, चीन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की और उज्बेकिस्तान समेत कई देशों के वैज्ञानिक शामिल हुए। ई-कचरे में छिपी हैं कीमती धातुएं प्रोफेसर सिंह के शोध के मुताबिक मोबाइल, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दूसरे सामानों से निकलने वाले ई-कचरे में सीसा, पारा और कैडमियम जैसे खतरनाक पदार्थ होते हैं। वहीं इनके प्रिंटेड सर्किट बोर्ड में सोना, चांदी, तांबा और टैंटलम जैसी कीमती और महत्वपूर्ण धातुएं भी मौजूद रहती हैं। शोध में अलग-अलग तकनीकों की मदद से इन धातुओं को ई-कचरे से अलग करने का तरीका विकसित किया गया है। इसमें लीचिंग और सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन की मदद से डेलमिनेटेड PCB से 100 प्रतिशत तांबा और 92 प्रतिशत सोना निकालने की क्षमता प्रदर्शित की गई। इसके अलावा टैंटलम कैपेसिटर से 99 प्रतिशत मैंगनीज निकालने में भी सफलता मिली, जिसकी शुद्धता 99.6 प्रतिशत तक रही। चांदी समेत दूसरी धातुओं की भी अलग-अलग रिकवरी की गई। कई तकनीकों को मिलाकर तैयार किया मॉडल शोध में ई-कचरे से ज्यादा से ज्यादा धातुओं को निकालने के लिए कई तकनीकों को एक साथ इस्तेमाल करने का प्रस्ताव दिया गया है। इनमें हाइड्रोमेटलर्जी, बायो-हाइड्रोमेटलर्जी, इलेक्ट्रोविनिंग, सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन और पॉलीमर इनक्लूजन मेंब्रेन जैसी तकनीकें शामिल हैं। शोधकर्ताओं ने ppm स्तर पर मौजूद बेहद कम मात्रा वाली धातुओं को निकालने के लिए पॉलीमर इनक्लूजन मेंब्रेन तकनीक का भी अध्ययन किया। इसके जरिए धातु आयनों की रिकवरी प्रभावी पाई गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)