ईओ के अपहरण की कोशिश, मारपीट मामले में ठेकेदार गिरफ्तार:2 हिरासत में, अध्यक्ष की शिकायत पर 17, ठेकेदार की शिकायत पर 52 पर केस
देवरिया में पथरदेवा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हिमांशु प्रताप सिंह के अपहरण की कोशिश और मारपीट के मामले में तरकुलवा पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। रविवार शाम 6 से 8 बजे के बीच अलग-अलग स्थानों से ठेकेदार धीरज सिंह को गिरफ्तार किया गया। करुणेश मिश्र और विवेक दूबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष और ठेकेदार, दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज हैं। 8 सितंबर की रात दो पक्षों में हुई थी मारपीट तरकुलवा थाना क्षेत्र के पथरदेवा में 8 सितंबर की रात दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसमें ईओ हिमांशु प्रताप सिंह घायल हो गए थे। दूसरे पक्ष के ठेकेदार समेत कुछ अन्य लोग भी घायल हुए थे। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम सूचना मिली कि मामले में शामिल कुछ लोग बाहर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर अलग-अलग स्थानों से तीन लोगों को पकड़ा। अध्यक्ष की तहरीर पर 17 लोगों के खिलाफ केस नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह ने तरकुलवा थाने में शिकायत देकर ठेकेदार धीरज सिंह, करुणेश मिश्र निवासी भटवलिया, विकास, निलेश शुक्ला और विवेक दूबे को नामजद किया था। इसके अलावा 12 अज्ञात लोगों पर भी आरोप लगाए गए। इस तरह कुल 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अध्यक्ष की शिकायत में ईओ के अपहरण की कोशिश और मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 352, 115(2), 190, 110 और 351(3) समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। ठेकेदार ने ईओ और अध्यक्ष समेत 52 लोगों पर लगाए आरोप दूसरी ओर, ठेकेदार धीरज सिंह ने भी पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें ईओ हिमांशु प्रताप सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह समेत कुल 52 लोगों पर आरोप लगाए गए। पुलिस के अनुसार, इस शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 191(2), 190, 351(2), 351(3), 131 और 109(1) के तहत कार्रवाई की गई है। धीरज सिंह गिरफ्तार, दो से पूछताछ तरकुलवा थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जिला पंचायत परिसर निवासी धीरज सिंह को गिरफ्तार किया गया है। करुणेश मिश्र और विवेक दूबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि मुकदमों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)