एक करोड़ से ज्यादा बड़े बकायादारों से होगी वसूली:नोएडा में अवैध निर्माण सील होंगे, किसानों को मिलेंगे भूखंड, न्यू नोएडा में किसानों की सहमति
नोएडा प्राधिकरण ने एक करोड़ रुपये से अधिक के बकायेदारों से एक नवंबर तक वसूली करने के निर्देश दिए हैं। जिन बकायेदारों का मामला किसी अदालत में लंबित नहीं है, उनसे निर्धारित समय में बकाया राशि वसूल की जाएगी। भुगतान नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, रिकवरी आदेश जारी कराने और मामले को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्राधिकरण क्षेत्र में अधिसूचित और अधिग्रहीत जमीन पर बने अवैध निर्माणों को सील करने को कहा गया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश ने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्य, महत्वपूर्ण परियोजनाओं, सड़कों, शौचालयों, ईवी चार्जिंग स्टेशन और किसानों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
इन गांवों में अवैध निर्माण पर कार्रवाई
प्राधिकरण ने सलारपुर, भंगेल, गेझा, शाहपुर गोवर्धनपुर और हाजीपुर में चिह्नित जमीन पर बने अवैध निर्माणों को सील करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित खसरा नंबरों पर कानूनी कार्रवाई पूरी कर निर्माण सील किए जाएंगे। इसकी सूचना सब रजिस्ट्रार को भी भेजी जाएगी, ताकि इन संपत्तियों के संबंध में अवैध रूप से लीज डीड न हो सके। सेक्टर-145 में दिवाली से मिलेंगे भूखंड
सेक्टर-145 में पांच प्रतिशत आबादी श्रेणी के आवंटित भूखंडों का कब्जा देने की प्रक्रिया दिवाली से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है। प्राधिकरण के मुताबिक, यहां भूमि अधिग्रहण के लिए दरें निर्धारित हो चुकी हैं और 281 किसानों ने आपसी सहमति से जमीन देने के लिए सहमति पत्र जमा कराए हैं। त्योहारों पर सफाई और रोशनी पर जोर
आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रमुख स्थलों और बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सड़कों की मरम्मत, लाइटिंग और मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण मजबूत करने के लिए गांवों में अतिरिक्त वाहन लगाए जाएंगे। कूड़ा संग्रहण वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर 70 प्रतिशत इलेक्ट्रिक और 30 प्रतिशत सीएनजी में बदलने की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके अलावा 31 अक्टूबर तक सभी सड़कों की रिसर्फेसिंग, इमारतों में रूफटॉप स्प्रिंकलर लगाने के लिए एडवाइजरी जारी करने और वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए डिस्प्ले लगाने के निर्देश दिए गए। प्राधिकरण क्षेत्र में 88 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 77 अन्य स्थानों को इसके लिए चिह्नित किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)