एक्सीडेंट के बाद डम्पर के केबिन में फंसा रहा ड्राइवर:मुरादाबाद में कांठ रोड पर डम्पर और कैंटर में हुई जबरदस्त भिड़ंत

Oct 15, 2026 - 11:28
0
एक्सीडेंट के बाद डम्पर के केबिन में फंसा रहा ड्राइवर:मुरादाबाद में कांठ रोड पर डम्पर और कैंटर में हुई जबरदस्त भिड़ंत
मुरादाबाद में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एसपी सिटी कार्यालय के सामने आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने खनन सामग्री से भरे डम्पर में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत में डम्पर चालक गाड़ी के केबिन में ही बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर (गदरपुर) के रहने वाले भूरा उर्फ विजय ने बताया कि वह अपने साथी चालक विक्की के साथ मुंशीगंज के पास से डम्पर में खनन सामग्री भरकर मुरादाबाद आ रहे थे। रात के करीब 12 बजे जैसे ही वे कांठ रोड पर एसपी सिटी कार्यालय के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने उनके डम्पर को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में भूरा उर्फ विजय की जान तो बाल-बाल बच गई, लेकिन विक्की गाड़ी के मलबे में फंस गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि देर रात सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से काफी प्रयासों के बाद घायल विक्की को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण कांठ रोड के एक हिस्से को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए रूट को वन-वे कर दिया है और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User