एमएलसी चुनाव में हर वोटर तक पर्ची पहुंचा रहे सपाई:डॉ. मानसिंह के समर्थन में घर-घर पहुंच रहे कार्यकर्ता, 23 अक्टूबर को मतदान
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने प्रचार के साथ मतदाताओं तक पहुंचने की मुहिम तेज कर दी है। प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव के समर्थन में पार्टी कार्यकर्ता मतदाता सूची से नाम छांटकर पर्चियां तैयार करने और उन्हें घर-घर पहुंचाने में जुटे हैं। पार्टी कार्यालय में पर्चियां बनाने और उनके वितरण की जिम्मेदारी तेजी से पूरी की जा रही है। सपा ने हर मतदाता तक पर्ची पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, ताकि मतदान से पहले मतदाताओं से संपर्क किया जा सके। पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर मधुर के अनुसार, सपा महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, जिलाध्यक्ष अनिल यादव और यमुनापार महासचिव इंजीनियर जगदीश यादव की संयुक्त अगुवाई में अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ता इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची के आधार पर पर्चियां तैयार कर रहे हैं। इसके बाद इन्हें संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाया जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि कोई भी मतदाता पर्ची पाने से वंचित न रहे और निर्धारित समय में वितरण का काम पूरा कर लिया जाए। प्रयागराज में 1.15 लाख से अधिक मतदाता इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। प्रयागराज जिले में कुल 1,15,019 मतदाता हैं। इनमें 79,823 पुरुष और 35,196 महिला मतदाता शामिल हैं। जिले में 54 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 152 मतदेय स्थलों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदाताओं तक पर्ची पहुंचाने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता उनसे संपर्क कर मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। 22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को मेरी लूकस कॉलेज से रवाना होंगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, साफ-सफाई, वीडियोग्राफी और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिले में 15 जोनल मजिस्ट्रेट और 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)