एमएलसी सीटों पर भाजपा को चुनौती दे रही सपा:अलीगढ़ में मंडल प्रभारी ने बैठक कर दिए निर्देश, साफ कहा कि वापसी के लिए हमें ताकत झोंकनी है

Oct 14, 2026 - 10:42
0
एमएलसी सीटों पर भाजपा को चुनौती दे रही सपा:अलीगढ़ में मंडल प्रभारी ने बैठक कर दिए निर्देश, साफ कहा कि वापसी के लिए हमें ताकत झोंकनी है
शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों पर दोबारा कब्जा जमाने के लिए समाजवादी पार्टी ने चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। आगरा खंड की दोनों सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ सपा ने संगठन को सक्रिय कर दिया है। जिला कार्यालय क्वार्सी में हुई समीक्षा बैठक में बूथ स्तर तक तैयारी मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने और प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने पर जोर दिया गया। सपा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल भी है। पार्टी लंबे समय तक इस सीट पर काबिज रही, लेकिन पिछले चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज कर समीकरण बदल दिए। अब सपा की कोशिश अपनी खोई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने की है। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर ने की। मुख्य अतिथि आगरा खंड प्रभारी, विधान परिषद सदस्य और सपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. संजय लाठर रहे। जिला प्रमुख प्रवक्ता बाबा फरीद आजाद ने बैठक का संचालन किया। डॉ. लाठर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश पढ़कर सुनाया और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों पर सुझाव लिए। साथ ही पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। दोनों सीटों पर प्रत्याशी घोषित, जीत के लिए बनाई रणनीति सपा ने आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल और आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से शशांक यादव को प्रत्याशी बनाया है। बैठक में दोनों प्रत्याशियों को जिताने के लिए संगठन की ताकत जुटाने और शिक्षक-स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर जोर दिया गया। डॉ. संजय लाठर ने कहा कि शिक्षक और स्नातक समाज का जागरूक वर्ग है। भाजपा सरकार पर शिक्षकों का सम्मान छीनने, पुरानी पेंशन खत्म करने और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने दो पढ़े-लिखे और संघर्षशील नौजवानों को प्रत्याशी बनाया है। डॉ. आकाश अग्रवाल और शशांक यादव विधान परिषद में शिक्षकों और बेरोजगार युवाओं की आवाज उठाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अलीगढ़ में दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। स्नातक मतदाताओं को साधने पर जोर स्नातक प्रत्याशी शशांक यादव ने कहा कि वह रोजगार, शिक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल उनका नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से समर्थन मांगा। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, जिला महामंत्री मनोज यादव, सुभाष लोधी, अशोक यादव अज्जू, इसहाक, जिब्रान हसन ख्वाजा, अश्विनी शर्मा, कार्तिक ठाकुर, डॉ. कृपाल सिंह यादव, उस्मान खान, सगीर अहमद, शान मियां, सरदार करतार सिंह, मुन्ना ठाकुर, कुंवर बहादुर बघेल, जय सिंह प्रजापति, सुनीता यादव, केपी सिंह यादव, प्रवेश यादव, प्रशांत वाल्मीकि, श्यौराज सिंह जादौन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजनीतिक नजरिये से अहम है मुकाबला आगरा खंड की शिक्षक और स्नातक सीटों पर सपा की नजर केवल जीत तक सीमित नहीं है। पिछले चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पार्टी के सामने अपनी पुरानी पकड़ दोबारा साबित करने की चुनौती है। ऐसे में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के बीच संपर्क, संगठन की सक्रियता और प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाना चुनावी रणनीति के केंद्र में रहेगा। समीक्षा बैठक को इसी दिशा में सपा की तैयारियों को धार देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User