एनएचएम संविदा कर्मचारियों का धरना नौवें दिन भी जारी:मांगों पर सहमति न बनने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े कर्मचारी
मथुरा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय मथुरा पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी मांगों पर सहमति बनने और लिखित आदेश जारी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं। धरने में संविदा चिकित्सकों, एएनएम, डाटा ऑपरेटरों, आशाओं और संगिनियों सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों के कर्मचारी शामिल रहे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन मथुरा के महामंत्री गोविंद शर्मा ने बताया कि आठ अक्टूबर से सीएमओ कार्यालय पर कर्मचारी लगातार धरना दे रहे हैं। वहीं, 12 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जनपदों के स्वास्थ्य संविदा कर्मचारियों ने लखनऊ के ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। जो कर्मचारी लखनऊ नहीं पहुंचे हैं, वे अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारी संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है। इसमें कुछ मांगों पर सहमति बनी है, जबकि अन्य मांगों पर सहमति बनाने के लिए बैठकें जारी हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सभी मांगों पर स्पष्ट सहमति नहीं बनती और शासन की ओर से लिखित आदेश जारी नहीं होता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। गोविंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से शासन को आंदोलन के संबंध में अवगत कराया गया है। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी बाधित करने पर विचार किया जा सकता है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों को डराने और धमकाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इसका आंदोलनकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरनास्थल पर डटे हुए हैं। धरने में नवल किशोर, सत्यवीर सिंह, चिराग गोस्वामी, डॉ. सरोज सिंह, दुष्यंत गुर्जर, रश्मि सैनी, कनक, पंकज, विष्णु और पुष्पेंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)