मथुरा पुलिस ने पांच बिछड़े दंपती को मिलाया:सीओ सिटी आशना चौधरी के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम की पहल
मथुरा में पति-पत्नी के बीच बढ़ते मनमुटाव और पारिवारिक विवादों के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे रिश्तों को बचाने के लिए मथुरा पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने शुक्रवार को सराहनीय पहल की है। सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी के निर्देशन में महिला थाना पुलिस ने काउंसलिंग के माध्यम से पांच दंपतियों के बीच चल रहे विवादों को सुलझाकर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया। आपसी सहमति बनने के बाद पांचों दंपती खुशी-खुशी अपने घर लौट गए। महिला थाने की इंस्पेक्टर डेंजी पवार और मिशन शक्ति टीम ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुना। पति-पत्नी के बीच पैदा हुए मतभेदों की वजह जानने के साथ ही दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई। काउंसलिंग के दौरान दंपतियों को एक-दूसरे की भावनाओं, जरूरतों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाया कि आपसी संवाद, विश्वास और धैर्य के माध्यम से पारिवारिक समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है। कई बार छोटी-छोटी बातों और गलतफहमियों के कारण रिश्तों में दूरियां बढ़ जाती हैं, जिन्हें बातचीत के जरिए कम किया जा सकता है। टीम के प्रयासों से पांचों दंपतियों के बीच सहमति बनी और उन्होंने आपसी राजीनामे के बाद साथ रहने का निर्णय लिया। रिश्ते बचाना भी पुलिस की प्राथमिकता सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी ने बताया कि मथुरा पुलिस की पहल केवल विवादों के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि टूटते रिश्तों को संभालने और परिवारों में खुशियां लौटाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। पारिवारिक विवादों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति टीम महिलाओं और परिवारों से जुड़े मामलों में संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से समाधान का प्रयास जारी रखेगी। पुलिस की इस पहल से न केवल पांच परिवारों में फिर से खुशियां लौटने की उम्मीद जगी है, बल्कि अन्य दंपतियों को भी आपसी मतभेद दूर कर रिश्ते बचाने की प्रेरणा मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)