एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने उठाई नियमितीकरण, वेतन वृद्धि की मांग:मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर 18 साल से सेवा दे रहे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और सेवा सुरक्षा की मांग उठाई है। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को नियमित करने और समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की गई है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने दोपहर 1 बजे जिला मुख्यालय सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन का कहना है कि प्रदेश में एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ये कर्मचारी ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं और सेवा सुरक्षा नहीं मिल पा रही हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि एनएचएम के अंतर्गत 18 वर्षों से अधिक समय से निरंतर कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाए। साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन और बेहतर सेवा शर्तों का लाभ मिल सके। संगठन ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और उनका मनोबल बढ़ेगा। इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी और अधिक मजबूती मिल सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)