एटा में जमीन विवाद में मारपीट और फायरिंग:सात लोग घायल; 14 लोगों पर FIR, 9 गिरफ्तार; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एटा के नगला गंजी में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट, पथराव और फायरिंग हो गई। पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर शुरू हुए विवाद में दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और गोलियां भी चलाई गईं। घटना में कई महिला-पुरुष घायल हो गए। घायलों में फूलमती और शिल्पी की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। श्रीकृष्ण उर्फ बाबाजी के मुताबिक, स्थिति बिगड़ने पर वह जान बचाने के लिए अपने खेत की ओर भागे और वहां लेट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि खेत में तार लगे हुए थे। इसी दौरान जयवीर के बेटे का ट्रैक्टर उनकी ओर आया और उनके साथ उनके बेटे पर भी ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया। उनका बेटा किसी तरह वहां से भाग निकला। श्रीकृष्ण ने बताया कि तारों से बचने के लिए कूदने पर उनकी बनियान तारों में फंसकर फट गई। इसके बाद वह एक दूसरे व्यक्ति के घर पहुंचे और गेट खुलवाकर वहां से निकल गए। उन्होंने कहा कि उनकी बहुएं किस समय मौके पर पहुंचीं और उन्हें कैसे चोटें आईं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। दूसरे पक्ष का आरोप- खेत जोत रहे बेटे पर की फायरिंग दूसरे पक्ष के जयवीर सिंह पुत्र दफेदार सिंह ने बताया कि उनका बेटा खेत जोत रहा था। इसी दौरान कूड़ा गांव से छह-सात लोग उनके गांव पहुंचे और फायरिंग करने लगे। आरोप है कि फायरिंग होते देख उनका बेटा ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। जयवीर सिंह ने आरोप लगाया कि इसके बाद कूड़ा गांव के लोगों और उनके मौसेरे परिवार के लोगों की ओर से भी फायरिंग की गई और लाठी-डंडों से हमला किया गया। उनके मुताबिक, जब विवाद की वजह पूछी गई तो वोटों को लेकर भयभीत करने की बात कही गई। जयवीर सिंह ने बताया कि उनका श्रीकृष्ण उर्फ बाबाजी से पहले से विवाद चल रहा है। आरोप है कि बाबाजी उनके आउटर वाले खेत में जबरन पट्टे की जमीन की नपाई कराना चाहते हैं। जयवीर सिंह का यह भी कहना है कि उन्होंने पहले कई बार पुलिस को विवाद की सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सात लोग घायल, फूलमती और शिल्पी की हालत गंभीर घटना में घायल बताए गए लोगों में विनीता पत्नी रामखिलाड़ी (30), निवासी गंजी, विमला देवी पत्नी राजेश्वर, फूलमती पत्नी जयवीर सिंह (70), जयवीर सिंह पुत्र दफेदार सिंह (70), श्रीकृष्ण पुत्र सीताराम (62), शिल्पी पत्नी अनिल (22) और ममता पत्नी सुनील (31) शामिल हैं। इनमें फूलमती और शिल्पी की हालत गंभीर बताई गई है। नौ आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी थाना प्रभारी नया गांव आरके सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। नौ लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की जा चुकी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में श्रीकृष्ण पुत्र सीताराम, शिल्पी पत्नी अनिल, ममता पत्नी अनिल, अनिल पुत्र सुनील, अनिल पुत्र श्रीकृष्ण, जयवीर पुत्र दफेदार, अमित पुत्र रामसेवक, विमला पत्नी राजेश, फूलवती पत्नी जयवीर, विनीता पत्नी रामखिलाड़ी, रामखिलाड़ी पुत्र जयवीर, धर्मेंद्र पुत्र जयवीर, रामसेवक पुत्र दफेदार और आशिक पुत्र रामसेवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)