EWS सरलीकरण और UGC के विरोध में आंदोलन का ऐलान:क्षत्रिय महासभा ने कहा-सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो सहारनपुर से शुरू होगा बड़ा आंदोलन, विधानसभा चुनाव में सवर्ण समाज के रुख की चेतावनी
सहारनपुर के दिल्ली रोड स्थित एक होटल में रविवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें ईडब्ल्यूएस व्यवस्था के सरलीकरण, यूजीसी एक्ट, एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग और सवर्ण समाज की मांगों को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो सहारनपुर से बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रजनीश चौहान ने कहा कि सरकार का रवैया सवर्ण समाज के प्रति उचित नहीं है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सवर्ण समाज एकजुट होकर सरकार को सबक सिखाने का काम करेगा। उन्होंने बताया कि ईडब्ल्यूएस सरलीकरण और यूजीसी एक्ट को लेकर जल्द ही सहारनपुर से बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। जिलाध्यक्ष डॉ. कुशलपाल सिंह पुण्डीर ने कहा कि यदि सरकार यूजीसी एक्ट को वापस नहीं लेती और ईडब्ल्यूएस व्यवस्था का सरलीकरण नहीं करती है तो सहारनपुर से बड़े आंदोलन की शुरुआत होगी। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि गुजरात और राजस्थान की तर्ज पर ईडब्ल्यूएस में लगाई गई शर्तों को हटाया जाए और पंचायती राज चुनाव में ईडब्ल्यूएस के लिए कोटा निर्धारित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया सवर्ण समाज के प्रति बना हुआ है। यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आगामी विधानसभा चुनाव में उसे इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। पदाधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के विधायक रविंद्र भाटी के नेतृत्व में जल्द ही ईडब्ल्यूएस सरलीकरण और यूजीसी एक्ट को लेकर प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। महासभा ने एससी-एसटी एक्ट की तर्ज पर सवर्ण आयोग और सवर्ण एक्ट बनाए जाने की भी मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के साथ सभी क्षत्रिय संगठन और सवर्ण समाज को एकजुट कर प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत सहारनपुर जिले से की जाएगी। मीडिया प्रभारी निर्भय सिंह और प्रवीन सिंह ने कहा कि सरकार सवर्ण समाज की आवाज को अनसुना कर रही है। यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो आगामी विधानसभा चुनाव में उसे इसका भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रेस वार्ता में देवेंद्र राणा, अरुण राणा, रणधीर राणा, मोंटी चौहान, विजय चौहान, डॉ. राजकुमार समेत बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)