गाजीपुर के दुर्गा पंडालों में करंट का डर:474 पंडालों में लोहे के ढांचों से खतरा, सिर्फ 11 को मिली फायर एनओसी

Oct 14, 2026 - 10:25
0
गाजीपुर के दुर्गा पंडालों में करंट का डर:474 पंडालों में लोहे के ढांचों से खतरा, सिर्फ 11 को मिली फायर एनओसी
गाजीपुर जिले में इस बार 474 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बिजली और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम चिंता का विषय बने हुए हैं। अब तक 64 पंडालों के निरीक्षण में लोहे के ढांचों और बिजली के तारों से करंट फैलने का खतरा सामने आया है। फायर ब्रिगेड की एनओसी के लिए पूरे जिले से अब तक केवल 11 आवेदन आए हैं। बिजली विभाग के इंजीनियर गोपाल सिंह ने बताया कि कई पंडालों में लोहे के एंगल से बने ढांचों के संपर्क में बिजली के तार हैं। तारों में खराबी आने पर पूरे ढांचे में करंट फैल सकता है, जो श्रद्धालुओं के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। समितियों को सुरक्षा से जुड़ी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान चीतनाथ घाट पर एक पंडाल का प्रवेश द्वार 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से महज चार-पांच फुट दूर मिला। समिति को गेट पांच फुट पीछे हटाने के लिए कहा गया है। सभी समितियों को अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने और वायरिंग की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। फायर एनओसी के लिए अब तक सिर्फ 11 आवेदन अग्नि सुरक्षा के इंतजाम भी चिंता का विषय हैं। जिले में बड़ी संख्या में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होने और नवरात्र के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में बिजली की वायरिंग, धातु के ढांचों और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियों को समय रहते दूर करना जरूरी है। फायर ब्रिगेड की एनओसी के लिए अब तक केवल 11 लोगों ने आवेदन किया है। 14 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन दुर्गा पूजा, विजयादशमी और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में यातायात सुचारू रखने के लिए 14 अक्टूबर की सुबह से 25 अक्टूबर की रात 12 बजे तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू रहेगा। एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नौ मार्गों से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बलिया और भांवरकोल की तरफ से आने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से मरदह होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर भेजा जाएगा। महाराजगंज हाईवे से आने वाले वाहन जंगीपुर होकर जाएंगे। हंसराजपुर से यादव मोड़ की ओर आने वाले वाहनों को जंगीपुर थाना गेट से हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुजुर्गा से आने वाले वाहनों को चौकिया मोड़ से और अरशदपुर हाईवे मोड़ से आने वाले भारी वाहनों को शहर के बाहर ही वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। मोहम्मदाबाद की ओर पहुंचने वाले वाहनों को तिवारीपुर मोड़ से कासिमाबाद की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, आठवां मोड़ पहुंचने वाले वाहनों को भी कासिमाबाद की ओर भेजने की व्यवस्था बताई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User