गाजीपुर में जलभराव रोकने के लिए नाला बंद किया:जिससे वार्ड 16 कपूरपुर में नई मुसीबत, स्थानीय लोगों ने जताया विरोध
गाजीपुर में जलभराव रोकने के लिए लाल दरवाजा स्थित सिटी स्कूल के पीछे एक नाले का निकासी मार्ग बालू की बोरियों से बंद कर दिया गया है। इस कदम से वार्ड नंबर 16 कपूरपुर के लिए नई परेशानी खड़ी हो गई है। वार्ड 16 के सभासद सहबान अली ने इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि एक मोहल्ले को बचाने के लिए दूसरे इलाके को पानी में डुबोना सही नहीं है। नाला बंद होने से लाल दरवाजा और आसपास की गलियों में पानी जमा होने लगा है। चंद्रशेखर नगर, वन विभाग क्षेत्र, मिश्रवलिया, राइनी कॉलोनी, चंदननगर, फूलनपुर और स्टेशन रोड जैसे कई इलाकों का पानी इसी नाले से निकलता है। नाला बंद होने से इन सभी क्षेत्रों का पानी अब वार्ड 16 में इकट्ठा होने का डर है। स्थानीय निवासी रमाशंकर गुप्ता, राम अवतार विश्वकर्मा और अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि गलियों में पानी रुकने से गंदगी, कीड़े और बदबू बढ़ गई है। इससे बच्चों में बीमारी फैलने का डर है और घरों का पानी भी नहीं निकल पा रहा। सभासद का कहना है कि यदि रेलवे लाइन के नीचे से आने वाले पानी की निकासी पूरी तरह रोक दी जाती तो रायगंज, चंद्रशेखर नगर, चंदननगर और मिश्रवलिया समेत कई इलाकों में जलभराव और बढ़ जाता। उन्होंने कहा कि जिस पानी को एक ओर रोककर दूसरी तरफ भेजने की कोशिश की जा रही है, उसका दबाव आखिरकार किसी दूसरे मोहल्ले पर पड़ेगा। एक साल में सिर्फ 20 मीटर नाला सभासद सहबान अली ने बताया कि जिस नाले के निर्माण से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था होने की उम्मीद है, उसका टेंडर पिछले वर्ष हो चुका है, लेकिन करीब एक साल बीतने के बावजूद अब तक लगभग 20 मीटर ही निर्माण हो पाया है। उनका कहना है कि जब तक नाले का पूरा निर्माण नहीं होगा, तब तक अलग-अलग जगह पानी रोकने से समस्या एक मोहल्ले से दूसरे में स्थानांतरित होती रहेगी। उन्होंने कहा, “एक मोहल्ले को बचाने के लिए पूरे वार्ड को पानी में नहीं डुबोया जा सकता। समस्या का स्थायी समाधान नाले का पूरा निर्माण है, न कि पानी के रास्ते को बंद करना। नाला बंद हुआ तो घरों का पानी भी नहीं निकलेगा’ वार्ड 16 निवासी रमाशंकर गुप्ता ने बताया कि नाले का रास्ता बंद होने के बाद पानी गलियों में रुकने लगा है। उनका कहना है कि जलभराव के कारण गंदगी और छोटे कीड़े दिखाई देने लगे हैं। बच्चों के बाहर निकलने से संक्रमण का डर बना हुआ है। लाल दरवाजा निवासी राम अवतार विश्वकर्मा ने बताया कि पहले इसी रास्ते से मोहल्ले का पानी निकल जाता था, लेकिन निकासी बंद होने के बाद पूरी गली में पानी जमा है। उन्होंने कहा कि ठहरे पानी से दुर्गंध उठ रही है और घरों से निकलने वाला पानी भी आगे नहीं जा पा रहा। अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि बारिश करीब आधे घंटे भी हो जाए तो पूरी गली में पानी भर जाता है। अब बड़े नाले की निकासी बंद होने से स्थिति और खराब हो गई है। उनके मुताबिक, पानी घरों के आसपास जमा है, कीड़े निकल रहे हैं और दुर्गंध के कारण छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। सभासद सहबान अली ने जिलाधिकारी और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नाले का अवरोध तत्काल हटाया जाए और अधूरे नाले का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि रायगंज, कपूरपुर, नौरंगाबाद और चन्दन शहीद को राहत देने के साथ वार्ड 16 समेत दूसरे इलाकों को नए जलभराव में जाने से बचाया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)