गाजीपुर में विजयादशमी पर दुकान आवंटन को लेकर नाराजगी:बाहरी दुकानदार नाराज, 60 फुट ऊंचा रावण जलाया जाएगा

Oct 19, 2026 - 16:57
0
गाजीपुर में विजयादशमी पर दुकान आवंटन को लेकर नाराजगी:बाहरी दुकानदार नाराज, 60 फुट ऊंचा रावण जलाया जाएगा
गाजीपुर में विजयादशमी पर लंका मैदान में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सोमवार दोपहर ढाई बजे जायजा लिया। मैदान में 60 फुट ऊंचा रावण दहन के लिए तैयार है। मंगलवार रात राम-रावण युद्ध के बाद पुतले का दहन किया जाएगा। दशहरे पर बड़ी संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचते हैं। भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की तैयारी की गई है। लंका मैदान की ओर चार पहिया वाहनों, टोटो और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। मेले में दुकान लगाने को लेकर हुआ विवाद इस बार मेले में दुकान लगाने को लेकर विवाद हो गया है। अन्य जिलों से आए दुकानदारों को लंका मैदान परिसर में दुकान लगाने से मना कर दिया गया है। अधिकारियों ने उन्हें मैदान से हटकर लंका-कचहरी रोड पर दुकान लगाने को कहा है, जिससे दुकानदारों में नाराजगी है। दुकानदारों का कहना है कि वे सालभर इस मेले का इंतजार करते हैं। कई लोग कर्ज लेकर सामान खरीदते हैं। उन्हें ऐसी जगह दुकान लगाने के लिए कहा गया है, जहां ग्राहक कम पहुंचेंगे। इससे उन्हें बिक्री कम होने और कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है। रामलीला कमेटी हरिशंकरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के तहत मंगलवार शाम राम-रावण युद्ध के बाद रात 8 बजे 60 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला बटन दबाकर पुतले का दहन करेंगे। कार्यक्रम को दर्शनीय बनाने के लिए लंका मैदान में दो बड़ी LED स्क्रीन लगाई जा रही हैं। साथ ही कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब और फेसबुक पर भी किया जाएगा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User