गाजियाबाद में 2000 महिलाओं ने निकाली स्कूटी रैली:पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
गाजियाबाद में शनिवार को महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए स्कूटी रैली निकाली गई। मिशन शक्ति अभियान और नवरात्र के तहत 2000 महिलाओं ने हिस्सा लिया। 1200 स्कूटी पर सवार होकर उन्होंने शहर में सुरक्षा का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ पुलिस लाइंस से हुआ। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें कमिश्नरेट के सभी थानों की महिला पुलिसकर्मियों के साथ महिला वॉलंटियर फोर्स (एमवीएफ) की सदस्य, कॉलेज की छात्राएं और विभिन्न महिला संगठनों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। रैली पुलिस लाइंस से शुरू होकर हापुड़ चुंगी, इंग्राहम कट, पुराना बस अड्डा, चौधरी मोड़, घंटाघर, हापुड़ मोड़ और सेठ मुकुंदलाल चौराहे से होते हुए वापस पुलिस लाइंस पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान महिलाओं ने एकजुट होकर सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकार की ओर से संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था। इसके साथ ही महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। अभियान के माध्यम से समाज के लोगों को भी महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया। रैली में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल, एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय और एसीपी महिला अपराध शुचिता सिंह सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें सहायता के विभिन्न माध्यमों की जानकारी देने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)