गाजियाबाद में पति ने पीट-पीटकर पत्नी की हत्या की:मायके वालों ने कहा- शराब पीकर करता था मारपीट, पुलिस ने जांच शुरू की

Oct 05, 2026 - 18:31
0
गाजियाबाद में पति ने पीट-पीटकर पत्नी की हत्या की:मायके वालों ने कहा- शराब पीकर करता था मारपीट, पुलिस ने जांच शुरू की
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में 4 अक्टूबर को 14 साल से शादीशुदा रेनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने रेनू के पति पर मारपीट कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि रेनू का पति शराब का आदी था और वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। रेनू के दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक, रविवार दोपहर रेनू और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान रेनू के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान रेनू की हत्या कर दी गई। हालांकि, चोटें किस वजह से आईं और मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसकी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बताया गया कि दोपहर में मारपीट के बाद शाम करीब छह बजे ससुराल पक्ष रेनू को इलाज के लिए यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचा। इसी दौरान पुलिस को घटना की सूचना मिली। एसीपी कविनगर के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन रेनू का शव अस्पताल में छोड़कर वहां से चले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेनू का मायका अलीगढ़ में है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग गाजियाबाद पहुंचे और मधुबन बापूधाम थाने में रेनू के पति के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पति लंबे समय से रेनू के साथ मारपीट करता था और 4 अक्टूबर को मारपीट के दौरान उसकी हत्या कर दी। एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल रेनू का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह और हत्या के तरीके की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User