कानपुर देहात में सालों से गायब 3 शिक्षक बर्खास्त:7 से 10 साल से बिना सूचना गायब थे, BSA ने की तीनों की सेवाएं समाप्त की
कानपुर देहात में लंबे समय से स्कूलों से गायब चल रहे तीन शिक्षकों और शिक्षिका पर बड़ी कार्रवाई हुई है बीएसए ने सोमवार 6 बजे आदेश जारी किया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने अनधिकृत रूप से लगातार अनुपस्थित रहने के मामले में तीनों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। विभाग की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक खंड शिक्षा अधिकारियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जो लंबे समय से बिना अनुमति और बिना किसी सूचना के विद्यालयों से अनुपस्थित चल रहे थे। संबंधित शिक्षकों और शिक्षिका को नियमानुसार तीन-तीन नोटिस जारी किए गए। इतना ही नहीं, समाचार पत्रों के माध्यम से भी सूचना प्रकाशित कर उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। इसके बावजूद संबंधित शिक्षकों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब या आवश्यक पत्राचार विभाग को उपलब्ध नहीं कराया गया। शिक्षकों द्वारा दिए गए प्रत्यावेदनों की जांच में भी उनका पक्ष संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद विभाग ने प्रत्यावेदन निरस्त करते हुए सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी किया। सेवा समाप्त होने वालों में मैथा विकासखंड के संविलित कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय भोलानिवादा की सहायक अध्यापक प्राची मिश्रा शामिल हैं। विभाग के अनुसार वह वर्ष 2017 से बिना सूचना लगातार अनुपस्थित थीं। वहीं अकबरपुर विकासखंड के संविलित विद्यालय लक्ष्मणपुर की सहायक अध्यापक प्रज्ञा तिवारी वर्ष 2019 से बिना सूचना अनुपस्थित चल रही थीं। इसके अलावा राजपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय कांधी की मड़ैया में तैनात सहायक अध्यापक आदित्य नारायण सिंह वर्ष 2016 से विद्यालय नहीं पहुंच रहे थे। बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही बेहद जरूरी है। सरकारी सेवा में रहते हुए निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना अनिवार्य है और अनधिकृत अनुपस्थिति को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने यह कार्रवाई शिक्षा व्यवस्था में जिम्मेदारी और अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)