गाजियाबाद में सिद्धपीठ देवी मंदिर में भक्तों की लगी लाइनें:श्रद्धालुओं ने दर्शन कर मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
गाजियाबाद मे शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन सोमवार को मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की गई। शहर के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ देवी मंदिर में सुबह से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में दर्शन करने के लिए गाजियाबाद के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं और उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। मान्यता है कि मां सिद्धिदात्री की कृपा से भगवान शिव को आठ सिद्धियां प्राप्त हुई थीं। नवरात्रि के नौवें दिन मां की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु मां की आराधना कर नवरात्रि के नौ दिनों की पूजा संपन्न करते हैं। सिद्ध पीठ देवी मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज ने बताया कि नवरात्रि के अंतिम दिन मां के दर्शन के लिए अलग-अलग जिलों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर में सुबह से ही भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। भक्त माता के दर्शन करने के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं। मंदिर में पूजा-अर्चना और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। नवरात्रि के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के नेता अभिषेक गर्ग भी सिद्ध पीठ देवी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां सिद्धिदात्री के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता और आपसी सद्भाव का संदेश देते हैं। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने माता के दर्शन कर पूजा की और प्रसाद ग्रहण किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)