तालाब में फंसा जंगली जानवर, वन विभाग ने किया रेस्क्यू:घंटों की कोशिश के बाद नाव से निकाला बाहर, पहचान नहीं हो पा रही

Oct 19, 2026 - 16:08
0
तालाब में फंसा जंगली जानवर, वन विभाग ने किया रेस्क्यू:घंटों की कोशिश के बाद नाव से निकाला बाहर, पहचान नहीं हो पा रही
बलरामपुर में गांव के तालाब में सोमवार दोपहर एक जंगली जानवर के फंसे होने की खबर से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तालाब के पानी में फंसे जानवर को देखकर लोग सहम गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। सूचना पर वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तालाब तक पहुंचने के लिए टीम को नाव का सहारा लेना पड़ा। काफी मशक्कत और सावधानी के बाद जंगली जानवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, रेस्क्यू किए गए जानवर की पहचान को लेकर अभी संशय बना हुआ है। वन विभाग के अनुसार, वह तेंदुआ है या फिशिंग कैट (मछली पकड़ने वाली जंगली बिल्ली), इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। मामला बारहवां रेंज क्षेत्र के ग्राम बरगदही का है। सोमवार को करीब दोपहर 12:30 बजे गांव निवासी राजन सिंह के तालाब में जंगली जानवर के गिरने की जानकारी सामने आई। तालाब नौखान के उस पार स्थित होने के कारण वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम को नाव से वहां तक पहुंचना पड़ा। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया उधर, तालाब में जंगली जानवर के फंसे होने की खबर फैलते ही आसपास के लोग उसे देखने के लिए जुटने लगे। वन विभाग की टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और काफी प्रयास के बाद जानवर को तालाब से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम जानवर को अपने साथ जंगल की ओर ले गई। जानवर के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, घटना ने गांव और आसपास के इलाकों में जंगली जानवरों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कई महीनों से गांव के आसपास तेंदुआ दिखाई देने की चर्चा थी। ऐसे में तालाब में जंगली जानवर के फंसे मिलने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। आबादी के नजदीक जंगली जानवरों की मौजूदगी से ग्रामीणों को किसी अनहोनी का डर सता रहा है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User