गाजियाबाद में युवक की हत्या:पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर मर्डर कराने का आरोप, दोनों को पुलिस ने पकड़ा
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की वंदना विहार कॉलोनी में सिलाई कारीगर अंशुल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी निशा और जीजा पप्पू उर्फ गंगा भगत को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले 35 साल का अंशुल पत्नी निशा के साथ खोड़ा की वंदना विहार कॉलोनी में किराये के कमरे में रहता था। दोनों नोएडा की सिलाई कंपनी में काम करते थे। उनके एक बेटा और बेटी हैं, जो गांव में रहते हैं। अंशुल के साथ उसका रिश्तेदार पप्पू भी करीब दो साल से रह रहा था। अंशुल के परिवार ने बताया कि निशा और पप्पू के बीच प्रेम संबंध थे। अंशुल ने कई बार परिवार के लोगों से इसकी शिकायत भी की थी। परिवार ने लोक-लाज के कारण दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। पप्पू ने पुलिस को बताया कि वह गांव से तमंचा और कारतूस लेकर आया था। उसने निशा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। 10 अक्टूबर को मौका पाकर उसने अंशुल की गोली मारकर हत्या कर दी और फोन पर निशा को इसकी जानकारी दी। ACP सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में मामले की जांच के बाद खोड़ा पुलिस ने 11 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)