गांधी और शास्त्री जयंती मनाई:विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता कराई

Oct 01, 2026 - 19:53
0
गांधी और शास्त्री जयंती मनाई:विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता कराई
गोरखपुर जनपद के गोला क्षेत्र के पीएच इंटरनेशनल स्कूल उरुवा बाजार में विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को लेकर हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नर्सरी से कक्षा तीन तक के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा सात की शालिनी ने प्रथम, प्रगति यादव ने द्वितीय तथा कक्षा पांच के प्रिंस चंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 12 की माहेरोज प्रथम, कक्षा 11 की प्रीति यादव द्वितीय तथा कक्षा नौ की अनन्या पांडेय और सत्यम संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। विद्यालय के प्रबंधक मनोज उमर ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और परोपकार के आदर्शों से परिचित कराया। प्रधानाचार्य विनय त्रिपाठी ने गांधीजी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अद्वैत उपाध्याय ने महात्मा गांधी तथा सूर्यांश ने लाल बहादुर शास्त्री की वेशभूषा धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। अनिकेत, आदर्श और दिव्य ने गांधीजी के तीन आदर्श बंदरों का रूप धारण कर अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की। चित्रकला के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षक पवन यादव एवं निशा प्रजापति ने स्वयं महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र बनाकर रचनात्मकता का संदेश दिया। शिक्षकों अंकित, फैसल एवं बिपुल पांडेय ने निबंध लेखन के माध्यम से विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के देशप्रेम और योगदान की जानकारी दी। कार्यक्रम में निधि, सालेहा, अनामिका, जैनब, प्रिया, काजल, सीमा, हरिकेश और जान पीटरसन सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही। विद्यालय ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User