गांधी-शास्त्री जयंती पर शहीद उद्यान में राष्ट्रगान गूंजा:एडीएम ने ध्वजारोहण कर बलिदानियों को नमन किया

Oct 02, 2026 - 10:24
0
गांधी-शास्त्री जयंती पर शहीद उद्यान में राष्ट्रगान गूंजा:एडीएम ने ध्वजारोहण कर बलिदानियों को नमन किया
मिर्जापुर में गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर बुधवार को नगर के नारघाट स्थित शहीद उद्यान में श्रद्धा और देशभक्ति का माहौल रहा। यहां ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया। साथ ही देश की आजादी और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्र के उत्थान में योगदान देने का आह्वान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम विनोद कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश और समाज का विकास केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभानी चाहिए। विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ ही राष्ट्र के उत्थान और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। एडीएम ने शहीद उद्यान में स्थापित अमर बलिदानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद उद्यान को देशभक्तों का तीर्थ स्थल बताते हुए कहा कि ऐसे स्थान नई पीढ़ी को देश के लिए त्याग और बलिदान करने वाले महान व्यक्तित्वों के जीवन से परिचित कराने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शहीदों के संघर्ष और उनके बलिदान की जानकारी देकर उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में लाला लाजपत राय स्मारक साहित्य सदन एवं शहीद उद्यान ट्रस्ट के अध्यक्ष सीपी गुप्ता, सचिव आशुतोष अग्रवाल, कैलाश माहेश्वरी, प्रमोद चंद्र अग्रवाल, नितिन अवस्थी, वीरेश त्रिपाठी, मो. कलीम नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी गोवा लाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User