मालगाड़ी की चपेट में आए पॉलिटेक्निक छात्र-छात्रा का मामला:इटावा में छात्र की मौत, छात्रा गंभीर; पुलिस हादसा और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी

Oct 02, 2026 - 10:24
0
मालगाड़ी की चपेट में आए पॉलिटेक्निक छात्र-छात्रा का मामला:इटावा में छात्र की मौत, छात्रा गंभीर; पुलिस हादसा और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी
इटावा में सिविल लाइन क्षेत्र के राहतपुरा के पास इटावा-मैनपुरी डाउन रेलवे ट्रैक पर बुधवार रात करीब 8 बजे राजकीय पॉलिटेक्निक के द्वितीय वर्ष के छात्र रोहन श्रीवास्तव और छात्रा नगमा मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में 19 वर्षीय रोहन की मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय नगमा गंभीर रूप से घायल हो गई। नगमा का इलाज सैफई पीजीआई में चल रहा है। अभी उसे होश नहीं आया है। गुरुवार शाम करीब 4 बजे भरथना में रोहन का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। राहतपुरा फाटक से 250 मीटर दूर मिले दोनों घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राहतपुरा गांव के पास हुई। राहतपुरा रेलवे फाटक से करीब 250 मीटर दूर मैनपुरी-इटावा रेलवे ट्रैक पर बुधवार रात एक युवक और युवती के पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद आरपीएफ और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने रोहन श्रीवास्तव का परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं नगमा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, रोहन भरथना निवासी संजीव श्रीवास्तव का 19 वर्षीय पुत्र था। नगमा औरैया जिले की रहने वाली है और पिछले करीब डेढ़ साल से राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही है। ट्रैक पर मिली चप्पल और रुद्राक्ष की माला घटनास्थल पर गुरुवार को दोनों छात्रों की चप्पलें ट्रैक के पास पड़ी मिलीं। रोहन के गले की रुद्राक्ष की माला भी रेलवे ट्रैक पर मिली। रोहन के पिता ने तस्वीरें देखकर चप्पल और माला की पहचान बेटे की वस्तुओं के रूप में की। पुलिस ने दोनों छात्रों के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन को जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। हॉर्न देने के बाद भी ट्रैक से नहीं हटे पुलिस के मुताबिक, मालगाड़ी के गार्ड और ड्राइवर ने आरपीएफ को लिखित सूचना दी है। इसमें बताया गया कि एक व्यक्ति ट्रैक के बीच में और दूसरा ट्रैक के किनारे बैठा था। मालगाड़ी के चालक ने दो-तीन बार हॉर्न दिया, लेकिन दोनों वहां से नहीं हटे। इसके बाद दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गए। पुलिस हादसा और आत्महत्या दोनों पहलुओं से कर रही जांच घटना के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों छात्र रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और वहां किस वजह से मौजूद थे। गुरुवार सुबह सिविल लाइन पुलिस और आरपीएफ की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसा और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्रा के होश में आने के बाद उसके बयान से घटना की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। शाम साढ़े छह बजे बाजार जाने निकली थी नगमा राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रिंसिपल मनीषा अस्थाना ने बताया कि दोनों छात्र पढ़ाई में अच्छे थे और कॉलेज के काम समय से करते थे। कॉलेज में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई थी। प्रिंसिपल के मुताबिक, नगमा बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे छात्रावास के रजिस्टर में बाजार जाने की एंट्री करके निकली थी। वह आमतौर पर शाम को बाजार जाकर वापस आ जाती थी। रात करीब आठ बजे तक वापस नहीं आने पर उसे फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बाद में रेलवे ट्रैक पर नगमा और रोहन के घायल अवस्था में मिलने की जानकारी मिली। पिता ने जताया हत्या का शक, मोबाइल कॉल की भी जांच रोहन के पिता सुनील कुमार ने बताया कि अस्पताल में उन्हें बेटे का शव मिला। पुलिस ने ट्रेन की चपेट में आने की बात बताई। हालांकि, बेटे के शरीर पर मिले घाव देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। पिता के मुताबिक, एक रिश्तेदार ने रोहन के मोबाइल पर फोन किया था। फोन किसी अंजान व्यक्ति ने उठाया और सिर्फ इतना बताया कि एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद वह किसी से कह रहा था, "लड़ो मत, लड़ो मत" और फिर फोन काट दिया। पिता ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि उस समय रोहन के साथ कौन था और लड़की कौन थी। पुलिस अब इस कॉल और मोबाइल फोन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। छात्रा के बयान से साफ होगी घटना की वजह इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों छात्र रेलवे ट्रैक पर क्यों पहुंचे थे। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और मालगाड़ी के चालक व गार्ड के बयान को जांच में शामिल किया गया है। छात्रा नगमा के होश में आने और उसके बयान के बाद घटना की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User